टोंक के डिग्गी क्षेत्र में पुलिस ने मिलावटी दूध बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी। यहां से रोजाना करीब 75 हजार लीटर दूध सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर दूध, वाहन और केमिकल जब्त किए हैं।
Rajasthan: टोंक जिले में जिला स्पेशल टीम (DST) ने मिलावटी दूध बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात डिग्गी कस्बे के बागर की ढाणी, देशमा रोड के पास स्थित एक फैक्ट्री में की गई। इस पूरे मामले का खुलासा मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे पुलिस ने किया।
DST प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इलाके में मिलावटी दूध तैयार कर आसपास के जिलों में भेजा जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फैक्ट्री पर छापा मारा।
5500 लीटर मिलावटी दूध जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस को फैक्ट्री से करीब 5500 लीटर मिलावटी दूध मिला। इसके अलावा दूध से भरी 5 पिकअप गाड़ियां और एक बड़ा दूध टैंकर भी जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि इन्हीं वाहनों के जरिए दूध की सप्लाई की जा रही थी।
DST के अनुसार, इस फैक्ट्री से रोजाना लगभग 75 हजार लीटर मिलावटी दूध अजमेर, टोंक और जयपुर के बाजारों में भेजा जा रहा था। यह दूध आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन लाल गुर्जर को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
केमिकल मिलाकर तैयार किया जाता था नकली दूध

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में पानी में स्किम्ड मिल्क पाउडर और लैक्टोज मोनोहाइड्रेट मिलाकर दूध जैसा रंग और गाढ़ापन तैयार किया जाता था। दूध को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए साबुन बनाने में इस्तेमाल होने वाला कास्टिक सोडा मिलाया जाता था।
दूध में फैट की मात्रा बढ़ाने के लिए वनस्पति घी, पाम ऑयल और सोयाबीन ऑयल का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 2100 लीटर सोयाबीन ऑयल, 500 लीटर वनस्पति घी, 550 किलो दूध पाउडर, 2500 किलो लैक्टोज मोनोहाइड्रेट और 105 किलो कास्टिक सोडा जब्त किया है।
5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से राजू, कालू, महिपाल, शिवराज और ओम प्रकाश को गिरफ्तार किया है। इनमें से कालू को छोड़कर बाकी आरोपी अजमेर जिले के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध फैक्ट्री का संचालन बहरोड़ निवासी सोनू यादव कर रहा था, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अजमेर, टोंक और जयपुर में फैले पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है, ताकि मिलावटी दूध बेचने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सके। डिग्गी थाने में मामला दर्ज कर जांच जारी है।









