तत्काल टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए समय से तैयारी, तेज इंटरनेट और सही सेटिंग्स बेहद जरूरी हैं। IRCTC ऐप में ऑटो फिल, फास्ट पेमेंट और सही कोटा चुनकर कंफर्म टिकट मिलने के चांस बढ़ाए जा सकते हैं, खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान।
IRCTC Tatkal Ticket Booking Tips: त्योहारों और व्यस्त यात्रा सीजन में तत्काल टिकट बुक करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है, जहां सीमित सीटों के लिए हजारों लोग एक साथ कोशिश करते हैं। ऐसे में IRCTC ऐप पर समय से पहले लॉगइन, जर्नी डिटेल्स प्री-फिल करना, तेज इंटरनेट का इस्तेमाल और सही पेमेंट विकल्प चुनना बेहद अहम हो जाता है। ये तरीके खासतौर पर उन यात्रियों के लिए कारगर हैं, जो कम समय में कंफर्म टिकट पाने की कोशिश करते हैं और बुकिंग प्रक्रिया में बढ़त हासिल करना चाहते हैं।
समय से पहले तैयारी ही असली गेम चेंजर
तत्काल टिकट बुकिंग का समय तय होता हैम AC क्लास के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के लिए 11 बजे। ऐसे में आखिरी समय पर ऐप खोलना अक्सर नुकसानदायक साबित होता है। बेहतर है कि आप कम से कम 20 से 30 मिनट पहले लॉगइन करके पूरी तैयारी कर लें।
जर्नी डिटेल्स, स्टेशन और ट्रेन का चयन पहले से कर लेने पर टिकट खुलते ही आप सीधे “Book Now” पर क्लिक कर सकते हैं। इससे कीमती सेकंड बचते हैं, जो कंफर्म टिकट पाने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
![]()
तेज इंटरनेट और अपडेटेड ऐप से मिलेगी बढ़त
तत्काल टिकट बुकिंग में स्पीड सबसे बड़ी ताकत है। धीमा इंटरनेट या पुराना ऐप आपको पीछे छोड़ सकता है। इसलिए हमेशा ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करें और 4G, 5G या मजबूत Wi-Fi कनेक्शन का सहारा लें।
कुछ यूजर्स एक से ज्यादा डिवाइस से भी कोशिश करते हैं, जिससे सफलता के चांस बढ़ जाते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि किसी भी अनधिकृत टूल या VPN का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे अकाउंट ब्लॉक हो सकता है।
ऑटो फिल और फास्ट पेमेंट से बचाएं समय
बुकिंग के दौरान सबसे ज्यादा समय पैसेंजर डिटेल और पेमेंट में लगता है। ऐसे में IRCTC ऐप में पहले से नाम, उम्र और पहचान पत्र की जानकारी सेव रखना बेहद जरूरी है। इससे आप सीधे पेमेंट पेज पर पहुंच सकते हैं।
पेमेंट के लिए UPI या सेव किए गए कार्ड का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है, क्योंकि ये विकल्प तेज होते हैं। नेट बैंकिंग में देरी हो सकती है, जिससे टिकट छूटने का खतरा बढ़ जाता है।
सही कोटा और विकल्प चुनना भी जरूरी
तत्काल टिकट बुकिंग में सही कोटा चुनना भी अहम होता है। General, Ladies या Tatkal कोटा में से अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनें। साथ ही, बर्थ प्रेफरेंस पहले से सेट करने से समय की बचत होती है।
अगर कंफर्म टिकट नहीं मिलता, तो RAC या वेटिंग टिकट बुक करना भी समझदारी भरा कदम हो सकता है। कई बार यात्रा से पहले ये टिकट कंफर्म हो जाते हैं।








