भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप 2025 की शुरुआत शतक के साथ शानदार की है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भारत का सामना आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर यूएई से हो रहा है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: अंडर-19 एशिया कप 2025 की शुरुआत भारत ने धमाकेदार अंदाज में की है। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ पहले ही मैच में शानदार शतक जड़कर टूर्नामेंट में जोरदार एंट्री की है। आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेले जा रहे इस मुकाबले में यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने का फैसला किया, लेकिन वैभव ने अपने आक्रामक खेल से इस निर्णय को गलत साबित कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी का तूफानी शतक
![]()
भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे चार रन पर ही आउट हो गए, लेकिन दूसरे छोर से वैभव ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाते हुए पहली 6 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बनाए, लेकिन जैसे ही उन्होंने पिच को समझा, यूएई के गेंदबाजों पर जमकर टूट पड़े। वैभव ने अपने शतक तक पहुंचने के सफर में 5 चौके और 9 छक्के लगाए। उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। 21वें ओवर में तूफानी अंदाज में अपना दूसरा अंडर-19 वनडे शतक पूरा किया।
उनकी यह पारी पावर और क्लास का बेहतरीन मिश्रण रही। खासकर 16वें ओवर में अहमद खुदादाद को लगातार तीन छक्के लगाकर उन्होंने स्टेडियम में रोशनी भर दी।








