UK Commonwealth Masters Scholarship 2027-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। चयनित छात्रों को लंदन में पढ़ाई के दौरान 2,000 पाउंड और ब्रिटेन के अन्य शहरों में 1,712 पाउंड प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
नई दिल्ली: विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। UK Commonwealth Masters Scholarship 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार 20 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित छात्रों को लंदन में पढ़ाई के दौरान 2,000 पाउंड यानी करीब 2.5 लाख रुपये और ब्रिटेन के अन्य शहरों में 1,712 पाउंड यानी करीब 2 लाख रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
लंदन में मिलेगा 2.5 लाख रुपये तक का स्टाइपेंड
UK Commonwealth Masters Scholarship 2027 के तहत चयनित उम्मीदवारों को पढ़ाई के दौरान आर्थिक सहायता दी जाएगी। लंदन में पढ़ाई करने वाले छात्रों को 2,000 पाउंड प्रतिमाह का स्टाइपेंड मिलेगा, जो भारतीय मुद्रा में करीब 2.5 लाख रुपये है। वहीं ब्रिटेन के अन्य शहरों में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए यह राशि 1,712 पाउंड यानी करीब 2 लाख रुपये प्रतिमाह होगी।
![]()
यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए है जो ब्रिटेन में फुल-टाइम मास्टर्स डिग्री करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाने में सक्षम नहीं हैं।
20 अक्टूबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
इस स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हुई है। उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 20 अक्टूबर 2026 तक का समय है। नॉमिनेट करने वाली संस्थाओं को दिसंबर 2026 में Commonwealth Scholarship Commission (CSC) के पास अपने नॉमिनेशन जमा करने होंगे।
स्कॉलरशिप के परिणाम जुलाई 2027 तक जारी किए जाने की उम्मीद है। चयनित उम्मीदवार सितंबर या अक्टूबर 2027 से अपनी पढ़ाई शुरू करेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे और उम्मीदवारों को निर्धारित समयसीमा के भीतर फॉर्म जमा करना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस स्कॉलरशिप के लिए उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना और स्थायी रूप से भारत में रहना जरूरी है। उम्मीदवार को सितंबर 2027 तक ब्रिटेन में अपनी पढ़ाई शुरू करने में सक्षम होना चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार के पास सितंबर 2027 तक कम से कम ‘अपर सेकंड-क्लास (2:1) ऑनर्स डिग्री’ होनी चाहिए। इसके अलावा ‘लोअर सेकंड-क्लास डिग्री’ के साथ संबंधित पोस्ट-ग्रेजुएट क्वालिफिकेशन यानी मास्टर्स डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं।
उम्मीदवार को यह भी साबित करना होगा कि वह ब्रिटेन में पढ़ाई का खर्च खुद उठाने की स्थिति में नहीं है। चयन प्रक्रिया में योग्य और क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
क्या है Commonwealth Masters Scholarship?
कॉमनवेल्थ मास्टर्स स्कॉलरशिप UK सरकार की स्कॉलरशिप योजना है, जिसे Commonwealth Scholarship Commission (CSC) संचालित करता है। यह Commonwealth Scholarship and Fellowship Plan (CSFP) के तहत काम करती है और इसका उद्देश्य विकास से जुड़े लक्ष्यों को बढ़ावा देना है।
UK Foreign, Commonwealth and Development Office (FCDO) से फंडेड यह स्कॉलरशिप कम और मध्यम आय वाले कॉमनवेल्थ देशों के प्रतिभाशाली उम्मीदवारों को UK की यूनिवर्सिटीज में फुल-टाइम मास्टर्स की पढ़ाई का अवसर देती है।
इस योजना का उद्देश्य उम्मीदवारों को sustainable development के लिए जरूरी ज्ञान और skills उपलब्ध कराना है, ताकि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अपने देश लौटकर नेतृत्व और innovation में योगदान दे सकें। स्कॉलरशिप CSC के छह development themes के तहत प्रदान की जाती है।
यूके में पढ़ाई, यूनिवर्सिटी, कोर्स, स्कॉलरशिप और स्टूडेंट लाइफ से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए Study UK (British Council) की वेबसाइट study-uk.britishcouncil.org देखें।








