यूपीएसएसएससी ने आबकारी सिपाही भर्ती 2026 के लिए 722 पदों पर आवेदन प्रक्रिया घोषित की है। इच्छुक उम्मीदवार 4 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती में 12वीं पास और PET 2025 स्कोरकार्ड अनिवार्य होगा।
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने आबकारी सिपाही भर्ती 2026 के लिए आवेदन तिथियों का ऐलान कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 722 रिक्त पदों को भरा जाएगा। योग्य उम्मीदवार निर्धारित तिथि से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। भर्ती के लिए इंटरमीडिएट पास होने के साथ UPSSSC PET 2025 स्कोरकार्ड भी जरूरी होगा।
4 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से एक्साइज कॉन्स्टेबल यानी आबकारी सिपाही भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू की जाएगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upsssc.gov.in/Default.aspx पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
![]()
भर्ती के लिए आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 24 जून 2026 निर्धारित की गई है। वहीं उम्मीदवार 1 जुलाई 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन और शुल्क समायोजन कर सकेंगे।
12वीं पास और PET स्कोरकार्ड जरूरी
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास UPSSSC PET 2025 का वैध स्कोरकार्ड होना अनिवार्य होगा।
आयु सीमा की बात करें तो 1 जुलाई 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
शारीरिक मानकों का भी रखना होगा ध्यान
आबकारी सिपाही भर्ती में शारीरिक योग्यता भी निर्धारित की गई है। पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 167.6 सेंटीमीटर तय की गई है। वहीं सीने की माप बिना फुलाए 80 सेंटीमीटर और फुलाने पर 85 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर रखी गई है, जबकि एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए 147 सेंटीमीटर की छूट दी गई है। महिला उम्मीदवारों का न्यूनतम वजन 45 किलोग्राम होना जरूरी होगा।
ऐसे कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद उम्मीदवार लॉग इन सेक्शन में जाकर भर्ती से संबंधित आवेदन लिंक पर क्लिक करेंगे।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जरूरी जानकारी भरनी होगी और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद उम्मीदवार फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख सकते हैं।
सभी वर्गों के लिए समान आवेदन शुल्क
इस भर्ती में आवेदन करने वाले सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकेगा।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर आयोग जल्द ही आगे की परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी जारी कर सकता है।










