यूपी में भीषण गर्मी का कहर, वाराणसी-प्रयागराज समेत 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच वाराणसी, प्रयागराज समेत 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी। कुछ इलाकों में बारिश और आंधी के आसार भी हैं।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, वाराणसी समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने रविवार को कई जिलों में लू का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वांचल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी के आसार भी बताए गए हैं।

पूर्वांचल के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर और कौशांबी में भीषण लू चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने का अनुमान भी जताया गया है।

यूपी में भीषण गर्मी का कहर, वाराणसी-प्रयागराज समेत 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट

दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। कई इलाकों में रात के समय भी तापमान अधिक रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।

पश्चिमी यूपी में ऑरेंज और यलो अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कन्नौज, कानपुर, रायबरेली और अमेठी में गर्म रातों के साथ लू चलने की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश के आसार

श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, अंबेडकर नगर, गोंडा और संत कबीर नगर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

राजधानी लखनऊ में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और यहां भी गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 27 मई तक मौसम शुष्क रह सकता है, जबकि 28 और 29 मई को कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

Leave a comment