सितंबर महीने में बारिश और मौसमी परिस्थितियों को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी अब सही साबित होती दिख रही है। उत्तर भारत में सितंबर की शुरुआत भारी बारिश के साथ हुई है।
Weather Update: उत्तर भारत इन दिनों मूसलाधार बारिश की चपेट में है। सितंबर की शुरुआत के साथ ही आसमान से बरसती आफत ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी बारिश से भूस्खलन, बाढ़ और जलभराव की घटनाओं ने हालात को गंभीर बना दिया है।
कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और भारतीय सेना व एनडीआरएफ (NDRF) राहत-बचाव कार्यों में लगी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है।
जम्मू-कश्मीर: बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ा
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनंतनाग, डोडा, किश्तवाड़, कठुआ, रियासी और उधमपुर जैसे जिलों में मध्यम से उच्च बाढ़ का खतरा बना हुआ है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और कीचड़ आने से यातायात प्रभावित हुआ है।
पंजाब में बाढ़ जैसे हालात हैं। भारी बारिश से अब तक 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 23 जिलों में करीब 3.5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यहां सैकड़ों गांव डूब गए हैं। सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के उफान से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राहत कार्यों में सेना और NDRF की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-NCR में भारी बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने तबाही मचा रखी है। मंडी जिले के सुंदरनगर में भूस्खलन की चपेट में आने से दो मकान ढह गए और छह लोगों की मौत हो गई। पूरे प्रदेश में 1,300 से अधिक सड़कें बंद हैं, जिनमें कई राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला, सोलन और कुल्लू में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के कारण यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंगलवार को पुराने रेलवे पुल (ORB) पर जलस्तर 206.03 मीटर दर्ज किया गया, जिससे पुल पर यातायात बंद कर दिया गया। कश्मीरी गेट, वासुदेव घाट और यमुना बाजार जैसे इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अलर्ट
उत्तराखंड में गंगा, मंदाकिनी और अलकनंदा नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए देहरादून, नैनीताल और टिहरी समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। हल्द्वानी में गौला नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ (Flash Flood) का खतरा बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। गाजियाबाद और नोएडा में प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। पूर्वी यूपी में 8 सितंबर तक और पश्चिमी यूपी में 3 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान: अगले 5 दिन मुश्किल
राजस्थान में भी भारी बारिश से कई नदियां और नहरें उफान पर हैं। दौसा जिले में 177 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले पांच दिन तक भारी बारिश का अनुमान लगाया है, खासकर 3 से 5 सितंबर के बीच स्थिति गंभीर रह सकती है। हरियाणा में इस बार सामान्य से कहीं अधिक बारिश हुई है। 31 अगस्त तक राज्य में औसतन 353.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस साल अब तक 465.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गुरुग्राम, सोहना और फरीदाबाद में लगातार बारिश से जलभराव की समस्या बनी हुई है।
ओडिशा में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। समुद्र की स्थिति खराब रहने के कारण मछुआरों को तटवर्ती इलाकों में न जाने की चेतावनी दी गई है।