उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार! CM धामी ने नए मंत्रियों को दिए विभाग, खुद संभाले प्रशासनिक विभाग

उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार के बाद CM पुष्कर सिंह धामी ने अपने और नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया। खजान, मदन, भरत, प्रदीप और राम सिंह को मिली जिम्मेदारी।

उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार के बाद CM धामी ने अपने पास सामान्य प्रशासन, गृह, सूचना एवं जनसंपर्क जैसे प्रमुख विभाग रखे। नए मंत्रियों खजान, मदन, भरत, प्रदीप और राम सिंह को उनके विभागों का जिम्मेदारी दी गई।

Uttarakhand Cabinet: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में मंत्रिमंडल का विस्तार किया और नए मंत्रियों के विभागों का बहुप्रतीक्षित बंटवारा कर दिया है। पांच नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद किए गए इस बंटवारे में मुख्यमंत्री ने कई अहम और संवेदनशील प्रशासनिक विभागों को अपने पास रखा है। इसका उद्देश्य शासन संचालन में प्रभावी नियंत्रण और निर्णय प्रक्रिया को तेज बनाना बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी के पास कौन से विभाग

मुख्यमंत्री धामी ने अपने पास सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा सूचना एवं जनसंपर्क जैसे प्रमुख विभाग रखे हैं। इन विभागों को शासन संचालन की रीढ़ माना जाता है, क्योंकि इनके माध्यम से प्रशासनिक फैसलों और कानून-व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण सुनिश्चित होता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के पास राजस्व, औद्योगिक विकास, ऊर्जा, पेयजल, न्याय, नागरिक उड्डयन, वित्त और आवास जैसे विभाग भी हैं।

नए मंत्रियों को मिले विभाग

नए नियुक्त मंत्रियों में विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इनके लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा किया है, ताकि विभागीय कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

खजान दास के विभाग

खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इनके कार्यक्षेत्र में सामाजिक और शैक्षिक योजनाओं का समन्वय शामिल होगा, जिससे राज्य में सामाजिक सुरक्षा और समान अवसर को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार! CM धामी ने नए मंत्रियों को दिए विभाग, खुद संभाले प्रशासनिक विभाग

भरत सिंह चौधरी के विभाग

भरत सिंह चौधरी को ग्राम विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग दिए गए हैं। उनका कार्यक्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र के विकास, उद्योगों को बढ़ावा देने और ग्रामीण रोजगार सृजन पर केंद्रित होगा।

मदन कौशिक के विभाग

मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन और जनगणना विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इन विभागों के माध्यम से वे स्थानीय शासन, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करेंगे।

प्रदीप बत्रा के विभाग

प्रदीप बत्रा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुशासन, विज्ञान प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग सौंपे गए हैं। उनका कार्यक्षेत्र राज्य में तकनीकी उन्नति, सुशासन और परिवहन प्रणाली को प्रभावी बनाने पर केंद्रित रहेगा।

राम सिंह कैड़ा के विभाग

राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबंधन के विभाग दिए गए हैं। उनके जिम्मेदारी क्षेत्र में शहरों का नियोजन, पर्यावरणीय सुरक्षा और जल संसाधनों का संरक्षण शामिल होगा।

पाँच पद लंबे समय से थे खाली

इससे पहले कैबिनेट में पांच पद लंबे समय से रिक्त थे। इनमें से तीन पद पहले से खाली थे, एक पद पूर्व मंत्री चंदन राम दास के निधन के कारण रिक्त हुआ था और एक पद प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के कारण खाली पड़ा था। इन रिक्तियों के कारण संबंधित विभागों का भार भी मुख्यमंत्री धामी के पास ही था।

Leave a comment