वास्तु शास्त्र में घर के मुख्य दरवाजे को बहुत ही खास महत्व दिया गया है। यह न सिर्फ आने-जाने का जरिया होता है बल्कि घर में प्रवेश करने वाली ऊर्जा का रास्ता भी होता है। इसलिए यह ज़रूरी है कि दरवाजे के पास हर चीज़ को सोच-समझकर रखा जाए। कई बार जाने-अनजाने में हम ऐसी चीजें मेन गेट के पास रख देते हैं, जो हमारे जीवन में नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। इससे परिवार में तनाव, झगड़े और आर्थिक दिक्कतें आने लगती हैं।
वास्तु के मुताबिक, घर की सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने के लिए कुछ चीजों को मुख्य दरवाजे के पास नहीं रखना चाहिए। आइए जानते हैं उन पांच चीजों के बारे में जो मेन गेट पर नहीं होनी चाहिए।
1. दरवाजे के पास गंदगी या कचरा रखना
अगर आपके घर के मुख्य दरवाजे के पास गंदगी फैली है या कूड़ेदान रखा है, तो यह आपके लिए नकारात्मक ऊर्जा को न्योता देने जैसा है। वास्तु के अनुसार, गंदगी जहां होती है, वहां स्थिर और भारी ऊर्जा ठहर जाती है। यह न सिर्फ मानसिक तनाव को बढ़ाता है, बल्कि घर के सदस्यों में आपसी विवाद और कलह का कारण भी बनता है। आर्थिक स्थिति पर भी इसका असर पड़ सकता है। इस तरह की स्थिति से बचने के लिए दरवाजे के आसपास हमेशा सफाई बनाए रखना जरूरी है।
2. फैले हुए जूते-चप्पल बनते हैं बाधा
कई लोग अपने घर के मुख्य द्वार पर ही जूते-चप्पल उतारते हैं और उन्हें वहीं बिखरा हुआ छोड़ देते हैं। यह आदत वास्तु के अनुसार बिल्कुल गलत मानी जाती है। दरवाजे के पास फैले हुए जूते-चप्पल से घर में अव्यवस्था का माहौल बनता है और यह लक्ष्मी जी को अप्रसन्न कर सकता है। इसके अलावा, जूते-चप्पलों से निकलने वाली ऊर्जा नकारात्मक होती है, जो घर के भीतर घुसती है और वहां के माहौल को प्रभावित करती है। इससे घर के सदस्यों की सेहत और मनोदशा पर असर पड़ सकता है।
3. झाड़ू को दरवाजे के पास रखना अशुभ
झाड़ू को वास्तु में लक्ष्मी जी का प्रतीक माना गया है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति झाड़ू को दरवाजे के पास रखता है, तो यह सीधे तौर पर धन की देवी का अपमान माना जाता है। कई बार लोग झाड़ू को खुले में रखते हैं या उस पर पैर लगाकर छोड़ देते हैं, जो बेहद अशुभ माना गया है। झाड़ू को हमेशा ढक कर और घर के कोने में रखना चाहिए। यदि झाड़ू दरवाजे के पास रहेगी तो यह न केवल घर की बरकत को रोकती है, बल्कि आर्थिक परेशानियों को भी आमंत्रित करती है।
5. मेन गेट पर न रखें मनी प्लांट
मनी प्लांट का नाम भले ही धन से जुड़ा हो, लेकिन वास्तु के अनुसार इसे रखने का सही स्थान बहुत जरूरी है। अगर मनी प्लांट को मेन गेट के सामने या ठीक बाहर लगाया गया हो, तो यह शुभ नहीं माना जाता। ऐसा माना जाता है कि इससे धन की ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती और बाहर ही निकल जाती है। इससे घर में धन की कमी, खर्चों में बढ़ोतरी और सेविंग में रुकावट आ सकती है। मनी प्लांट को घर के अंदर उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना ज्यादा उचित माना गया है।
6. दरवाजे के सामने न हो बिजली का खंभा या तार
अगर आपके घर के मेन गेट के सामने कोई बड़ा बिजली का खंभा खड़ा हो या तार लटक रही हो, तो यह वास्तु के हिसाब से सही नहीं है। इससे घर के लोगों पर खासकर महिलाओं पर मानसिक दबाव बढ़ता है। घर में तनाव, नींद न आना और चिड़चिड़ापन जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। यह बिजली से जुड़ी हुई तरंगें घर की सकारात्मक ऊर्जा में बाधा डालती हैं और सेहत पर बुरा असर डालती हैं। ऐसे में अगर आपके घर के सामने ऐसा कोई खंभा है तो उस दिशा को हल्के पर्दे या पौधों से ढकने की कोशिश की जा सकती है।
मुख्य दरवाजे की दिशा और आसपास का माहौल भी मायने रखता है
वास्तु के अनुसार सिर्फ दरवाजे के पास रखी चीजें ही नहीं, बल्कि उसकी दिशा और आसपास का वातावरण भी बहुत महत्वपूर्ण होता है। उत्तर, पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा की ओर मुख्य द्वार होना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही दरवाजे पर दरारें न हों, रंग उखड़ा न हो और उस पर कोई टूटी-फूटी चीजें टंगी न हों। दरवाजे को हमेशा साफ-सुथरा और सजावटी बनाए रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।
घर के प्रवेश द्वार को बनाएं शुभ ऊर्जा का प्रवेशद्वार
मेन गेट को सिर्फ एक दरवाजा मानना भूल है। यह ऊर्जा का प्रवेशद्वार है जो पूरे घर को प्रभावित करता है। इसलिए इसकी सफाई, सजावट और आसपास रखी चीजों का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है। जो भी चीजें वहां रखी जाती हैं, वे सीधे रूप से आपके जीवन, सेहत और धन पर असर डालती हैं। यदि वास्तु के अनुसार इन पांच चीजों से बचा जाए तो जीवन में कई समस्याओं से दूर रह सकते हैं।