विंध्यनगर के हनुमान मंदिर में चोरी, चांदी की गदा और दान पेटी ले उड़े चोर

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में विंध्यनगर हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात। चोर चांदी की गदा और दान पेटी ले गए, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।

विंध्यनगर के हनुमान मंदिर में देर रात चोरी की घटना हुई, जिसमें चांदी की गदा और दान पेटी चुरा ली गई। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Madhya Pradesh: सिंगरौली जिले के विंध्यनगर इलाके में स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मंदिर विंध्यनगर थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद चोरों ने देर रात बेखौफ होकर चोरी को अंजाम दिया।

घटना रात के समय की बताई जा रही है, जब मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने पहले मंदिर के आसपास रेकी की और फिर सही मौका देखकर अंदर घुस गए। चोरी की जानकारी सुबह मंदिर खुलने पर पुजारी और स्थानीय लोगों को लगी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वारदात से पहले कुछ लोग मंदिर के बाहर घूमते नजर आते हैं, जो रेकी करते प्रतीत हो रहे हैं। इसके बाद एक नकाबपोश व्यक्ति मंदिर के भीतर प्रवेश करता है।

उसने मंदिर के स्टील गेट को नुकसान पहुंचाकर अंदर घुसने का रास्ता बनाया। चोर सीधे गर्भगृह की ओर गया और वहां स्थापित हनुमान जी की चांदी की गदा उठा ली। इसके साथ ही उसने दान पेटी भी अपने साथ बाहर ले गया। दान पेटी को मंदिर परिसर के बाहर तोड़ा गया, जिसके बाद चोर मौके से फरार हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस अब आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। क्षेत्र में पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इलाके में सक्रिय सलीम कबाड़ी के कुछ गुर्गों पर पहले भी चोरी के आरोप लग चुके हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती की गई होती, तो ऐसी घटनाएं दोबारा न होतीं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले को लेकर मंदिर समिति की ओर से विंध्यनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी बड़े या पेशेवर गिरोह का नहीं लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और चोरी गया सामान भी बरामद करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a comment