WhatsApp यूजर्स पर नया साइबर खतरा, सरकार की हाई-रिस्क चेतावनी

CERT-In ने GhostPairing साइबर अटैक की चेतावनी दी। WhatsApp Web यूजर्स लिंक पर क्लिक से बचें और Linked Devices नियमित जांचें।

GhostPairing एक नया और खतरनाक साइबर अटैक है, जिसमें बिना OTP या अलर्ट के WhatsApp अकाउंट को दूसरे डिवाइस से लिंक कर लिया जाता है। CERT-In ने इसे हाई-रिस्क बताया है और खासतौर पर WhatsApp Web यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है।

GhostPairing Attack WhatsApp: भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने एक नए साइबर खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें यूजर की जानकारी के बिना WhatsApp अकाउंट हैक हो सकता है। यह हमला फर्जी लिंक के जरिए किया जाता है, जो अक्सर सोशल मीडिया कंटेंट का बहाना बनाते हैं। लिंक पर क्लिक करते ही हैकर का डिवाइस अकाउंट से लिंक हो जाता है। यह खतरा खासतौर पर WhatsApp Web और Linked Devices फीचर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इसमें न OTP लगता है और न कोई सिक्योरिटी अलर्ट मिलता है।

GhostPairing क्या है और क्यों खतरनाक है

GhostPairing एक एडवांस साइबर अटैक है, जिसमें यूजर को भनक लगे बिना उसका WhatsApp अकाउंट किसी दूसरे डिवाइस से लिंक कर दिया जाता है। CERT-In के मुताबिक, इसमें न तो OTP की जरूरत होती है और न ही कोई सिक्योरिटी अलर्ट मिलता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।

इस अटैक में स्कैमर्स अक्सर मैसेज के जरिए एक लिंक भेजते हैं। मैसेज में दावा किया जाता है कि फेसबुक पर आपकी कोई फोटो या जानकारी मिली है। जैसे ही यूजर लिंक पर क्लिक करता है, हैकर अपना डिवाइस यूजर के WhatsApp अकाउंट से पेयर कर लेता है और वह डिवाइस ट्रस्टेड बन जाता है।

WhatsApp Web यूजर्स क्यों हैं ज्यादा निशाने पर

जो लोग WhatsApp Web या Linked Devices फीचर का इस्तेमाल करते हैं, वे GhostPairing अटैक के लिए आसान टारगेट बन रहे हैं। लिंक पर क्लिक करते ही हैकर का डिवाइस चुपचाप अकाउंट से जुड़ जाता है और यूजर को इसका पता तक नहीं चलता।

एक बार डिवाइस लिंक हो जाने के बाद स्कैमर्स लगातार चैट, मीडिया फाइल्स और कुछ सेटिंग्स तक भी पहुंच बनाए रख सकते हैं। यही वजह है कि CERT-In ने इस खतरे को हाई-रिस्क कैटेगरी में रखा है।

CERT-In ने बताए बचाव के उपाय

CERT-In ने यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी का कहना है कि किसी जानकार कॉन्टैक्ट से आया मैसेज भी अगर संदिग्ध लगे, तो उसमें दिए लिंक पर क्लिक न करें। खासकर ऐसे लिंक, जो फेसबुक या WhatsApp से जुड़े होने का दावा करते हों, उनसे दूरी बनाए रखें।

इसके अलावा, यूजर्स को अनजान वेबसाइट्स पर अपना मोबाइल नंबर देने से बचना चाहिए। समय-समय पर WhatsApp की Linked Devices लिस्ट चेक करते रहें और कोई अनजान डिवाइस दिखे तो तुरंत उसे हटाएं।

Leave a comment