विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के चौथे सीजन में यूपी वॉरियर्स की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड चोटिल होने के कारण लीग के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गई हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: विमेंस प्रीमियर लीग का चौथा सीजन अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां प्लेऑफ की बची दो जगहों के लिए चार टीमें अभी भी रेस में बनी हुई हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले ही प्लेऑफ के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं यूपी वॉरियर्स की टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में अंतिम पायदान पर है। टीम ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है।
इसके बावजूद यूपी वॉरियर्स की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, क्योंकि लीग स्टेज के बचे हुए आखिरी दो मैच उनके लिए बेहद अहम रहने वाले हैं।
फोएबे लिचफील्ड को क्यों मिली छुट्टी
यूपी वॉरियर्स ने आधिकारिक बयान में बताया कि फोएबे लिचफील्ड क्वाड इंजरी की वजह से अगले मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। अब वह ऑस्ट्रेलिया लौटेंगी और भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली सीरीज से पहले अपने रिहैब और फिटनेस पर ध्यान देंगी। इस सीजन फोएबे ने 6 मैचों में कुल 243 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उनके योगदान के कारण ही यूपी वॉरियर्स के प्लेऑफ की उम्मीदें अभी जीवित हैं। उनके बाहर होने से टीम के बल्लेबाजी क्रम में कमी आ गई है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।
फोएबे को इस सीजन में 1.2 करोड़ रुपये की भारी राशि में खरीदा गया था। उन्होंने अपने बेस प्राइस 50 लाख रुपये में रजिस्टर करवाया था। इस निवेश के चलते उनका बाहर होना टीम के लिए सिर्फ खेल की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि वित्तीय दृष्टि से भी चुनौती बन गया है।

रिप्लेसमेंट का ऐलान
फोएबे लिचफील्ड के बाहर होने के बाद यूपी वॉरियर्स ने इंग्लैंड की अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज एमी जोंस को रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में शामिल किया है।एमी जोंस 32 साल की हैं और अब तक WPL में कोई मैच नहीं खेली हैं। हालांकि, उनके पास टी20 फॉर्मेट का व्यापक अनुभव है। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 मुकाबले खेले हैं और कुल 1666 रन बनाए हैं। उनके रन औसत 20.31 है और इसमें 5 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।
यूपी वॉरियर्स ने एमी जोंस को उनके 50 लाख रुपये बेस प्राइस में टीम में शामिल किया है। उनके आने से टीम की बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग में मजबूती आने की उम्मीद है। यूपी वॉरियर्स अभी प्वाइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर हैं। उन्होंने अब तक 6 मैचों में केवल 2 जीत हासिल की हैं। टीम के लिए प्लेऑफ की दौड़ अभी भी जारी है, लेकिन बचे हुए दो मैचों में जीत बेहद अहम होगी।
यूपी वॉरियर्स का अगला मुकाबला 29 जनवरी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ है, जबकि आखिरी लीग मैच 1 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला जाएगा। इन दोनों मुकाबलों में टीम की रणनीति और नई बल्लेबाजी संयोजन पर ध्यान केंद्रित होगा।








