WWE के पहले भारतीय सुपरस्टार द ग्रेट खली आठ साल के लंबे ब्रेक के बाद एक बार फिर रिंग में वापसी करने वाले हैं। द ग्रेट खली ने साल 2006 में WWE के जजमेंट डे में डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच में द अंडरटेकर को हराकर तहलका मचा दिया था।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय प्रो रेसलिंग के दिग्गज द ग्रेट खली 8 साल के लंबे ब्रेक के बाद जनवरी 2026 में रिंग में वापसी करने जा रहे हैं। WWE से संन्यास लेने के बाद खली अब अपनी खुद की अकादमी कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एंटरटेनमेंट (CWE) के बैनर तले मैदान में उतरेंगे। इस ऐतिहासिक मुकाबले में उनका सामना पार्कर बोरदॉ से होगा, जो WWE और AEW दोनों में रेसलिंग कर चुके हैं।
यह खबर भारतीय और अंतरराष्ट्रीय रेसलिंग फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि खली की रिंग में वापसी लंबे समय से फैंस की उम्मीदों का हिस्सा रही है।
WWE में खली का सफर

भारत के पहले सुपरस्टार के रूप में खली का WWE करियर बेहद यादगार रहा। उन्होंने 2006 में WWE जजमेंट डे में डेब्यू किया और अपने पहले ही मैच में द अंडरटेकर को मात देकर फैंस को चौंका दिया। 7 फीट 1 इंच लंबे इस दिग्गज ने 2007 में WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप भी अपने नाम की। WWE में खली ने कई हाई-प्रोफाइल मुकाबले किए, जिनमें केन को रेसलमेनिया 23 में हराना और जॉन सीना के साथ मुकाबला शामिल हैं।
जून 2007 में 20 मैन रॉयल बैटल मैच जीतकर खली ने पहली बार और एकमात्र बार वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप जीती, जिसे उन्होंने लगभग तीन महीने तक अपने पास रखा। खली ने WWE में मनोरंजक किरदारों जैसे 'पंजाबी प्लेबॉय' में भी फैंस का दिल जीता। हालांकि, नवंबर 2014 में उनका WWE कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो गया और उन्होंने कंपनी छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रो रेसलिंग को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाया।
खली ने की रिंग में वापसी की घोषणा
2015 में खली ने कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एंटरटेनमेंट (CWE) की स्थापना की। जालंधर स्थित इस अकादमी ने कई प्रतिभाओं को तराशा है, जिनमें WWE की पहली भारतीय महिला रेसलर कविता देवी और दिलशेर शंकी शामिल हैं। ये दोनों रेसलर अब WWE में अपनी पहचान बना चुके हैं। खली की यह पहल भारतीय रेसलिंग के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इसके अलावा, 2021 में उन्हें WWE हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया, जो उनके योगदान और ग्लोबल पहचान का प्रतीक है।
खली को आखिरी बार 2018 के WWE ग्रेटेस्ट रॉयल रंबल में फाइट करते देखा गया था। अब CWE ने सोशल मीडिया के जरिए जनवरी 2026 में उनकी रिंग में वापसी की घोषणा की है। उनका मुकाबला पार्कर बोरदॉ से होगा। पार्कर बोरदॉ ने WWE और AEW दोनों में काम किया है और खली के साथ उनका यह मुकाबला भारतीय और अंतरराष्ट्रीय रेसलिंग फैंस के लिए रोमांचक साबित होगा। CWE के इस इवेंट को लेकर सोशल मीडिया पर रेसलिंग फैंस में भारी उत्साह देखा जा रहा है।










