मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में आग लग गई। 30 यात्री सुरक्षित बच निकले। फायर ब्रिगेड ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे से करीब 2 किमी लंबा जाम लग गया।
Uttar pradesh: गुरुवार सुबह करीब 5:15 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। यह बस बांदा से दिल्ली जा रही थी। बस में कुल 30 यात्री सवार थे, जिनमें 10 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, बस यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 110 के पास पहुंची थी, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज आई। कुछ ही सेकंड में बस के अंदर धुआं भर गया। यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन धमाके और धुएं से उनकी नींद खुल गई।
चीख-पुकार के बीच बची जान
धुआं देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री बस के दरवाजे से बाहर निकलने लगे, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर कूदना शुरू कर दिया। बाहर निकलते ही यात्रियों ने देखा कि बस के पिछले हिस्से में आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं।

यात्रियों का सारा सामान, जैसे कपड़े और बैग, आग की चपेट में आकर जल गया। गनीमत यह रही कि सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।
ड्राइवर-कंडक्टर छोड़कर भागे
यात्रियों ने आरोप लगाया कि आग लगते ही ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और कंडक्टर के साथ मौके से फरार हो गया। यात्रियों को अपनी जान बचाने के लिए खुद ही संघर्ष करना पड़ा।
बस यात्री सोनू गुप्ता, जो कानपुर के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह दिल्ली सामान लेने जा रहे थे। अचानक बस में तेज धमाका हुआ और पीछे से आग लग गई। राहगीरों ने आग देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची। आग बेहद भीषण थी, जिसे बुझाने के लिए चार दमकल वाहनों को तैनात किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे पर लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित किया और यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।न प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस का टायर फटना बताया जा रहा है। मामले की आगे जांच की जा रही है।












