यमुनानगर के धोलेरा-रादौर हाइवे पर शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। शेरगढ़ निवासी कुख्यात बदमाश रजत कुमार मारा गया, जबकि सीआईए-2 के एसआई राकेश कुमार गोली लगने से घायल हो गए।
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। धोलेरा-रादौर नए हाइवे पर हुई इस कार्रवाई में शेरगढ़ निवासी वांछित अपराधी रजत कुमार मारा गया, जबकि सीआईए-2 यमुनानगर के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार गोली लगने से घायल हो गए। घायल अधिकारी का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
लंबे समय से फरार था बदमाश रजत
यमुनानगर पुलिस सूत्रों के अनुसार, रजत कुमार कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश लंबे समय से थी। शुक्रवार रात सीआईए टीम को उसकी लोकेशन की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद हाइवे पर विशेष नाका लगाया गया।
जैसे ही पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, रजत ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। उसके खिलाफ हत्या, लूट और हथियार रखने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज थे।
पुलिस अधिकारी भी हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान सीआईए-2 टीम के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार को गोली लग गई। गोली उनके कंधे के पास से आर-पार हो गई, जिसके चलते उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल खुद अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हाल जाना। साथ ही उन्होंने इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल और मुठभेड़ स्थल पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया। रातभर सड़कों पर नाके लगाकर गाड़ियों की चेकिंग की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिला है।
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क थी और जवाबी कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी निर्दोष को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुरुक्षेत्र में भी चली गोलियां
यमुनानगर की इस मुठभेड़ के कुछ घंटों बाद ही कुरुक्षेत्र जिले में भी सीआईए-1 की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना गांव सोंटी के पास हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक वांछित आरोपी घायल हो गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, यह वही अपराधी है जो लाडवा और यमुनानगर के शराब ठेकों पर गोलीबारी की घटनाओं में शामिल था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।