दिल्ली बजट 2025-26 में महिलाओं को ₹2500 महीना, झुग्गीवासियों के लिए आवास योजना, ₹5 में भोजन, छात्रों को लैपटॉप, सुरक्षा के लिए 50,000 कैमरे और स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं की घोषणा हुई।
Delhi Budget 2025-26: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। यह 27 सालों में पहली बार है जब दिल्ली में भाजपा सरकार द्वारा बजट पेश किया गया है। इस बजट में महिलाओं, गरीबों, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और व्यापार से जुड़े कई अहम ऐलान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इसे "दिल्ली की दशा सुधारने वाला बजट" करार दिया और कहा कि यह केवल सड़कों, पुलों और कॉरिडोर का बजट नहीं, बल्कि संपूर्ण विकास का बजट है।
महिलाओं और गरीबों के लिए बड़ी घोषणाएं
- दिल्ली की महिलाओं को ₹2500 प्रति माह आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- गर्भवती महिलाओं के लिए ₹210 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
- झुग्गी-झोपड़ी वालों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू किया जाएगा, जिसके लिए ₹20 करोड़ आवंटित होंगे।
- झुग्गी बस्तियों के विकास हेतु DUSIB (दिल्ली शहरी सुधार बोर्ड) को ₹696 करोड़ का फंड दिया जाएगा।
- 100 जगहों पर अटल कैंटीन खोली जाएंगी, जहां ₹5 में थाली मिलेगी। इसके लिए ₹100 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य और सुरक्षा में सुधार
- जनता को ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा।
- जन आरोग्य योजना में ₹5 लाख का अतिरिक्त बीमा कवर जोड़ा गया।
- राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 50,000 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
शिक्षा और रोजगार पर फोकस
- छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने की योजना शुरू होगी।
- दिल्ली में नई औद्योगिक और वेयरहाउसिंग नीति लाई जाएगी ताकि व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिल सके।
सड़क और परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार
- दिल्ली की सड़कों के विकास के लिए ₹3800 करोड़ का फंड आवंटित किया गया।
- शहर की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए ₹1000 करोड़ दिए जाएंगे।
AAP सरकार पर हमला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तंज कसते हुए कहा कि "आपने शीशमहल बनवाया, हम गरीबों के लिए घर बनवाएंगे।" उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने सिर्फ घोषणाएं कीं लेकिन कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में व्यापार और निवेश के द्वार फिर से खोले जाएंगे, जिससे छोटे और बड़े उद्योगों को फायदा होगा।