दिल्ली-एनसीआर में सुबह से धुंध छाई है और अब गर्मी भी तेज हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है और यही स्थिति आगे भी बनी रह सकती है।
AQI Report Delhi: गुरुवार सुबह से ही दिल्ली-NCR के आसमान पर धुंध की मोटी परत छाई रही। विजिबिलिटी कम नजर आई और वातावरण में हल्की सी घुटन महसूस की गई। हवा में नमी का असर सुबह के वक्त साफ देखा गया।
दूसरी तरफ गर्मी भी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखा रही है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की गर्म और शुष्क स्थिति बनी रहने की संभावना है।
लगातार दूसरे दिन 40 डिग्री के पार गया पारा
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में तो हालात और भी ज्यादा गर्म रहे। आयानगर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री तक पहुंच गया।
हवा में नमी का स्तर सुबह 73% से घटकर दिन में 22% तक आ गया, जिससे उमस के साथ-साथ लू जैसी गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया।
वायु गुणवत्ता (AQI) में मामूली सुधार
हालांकि गर्मी बढ़ रही है, लेकिन वायु गुणवत्ता (Air Quality) में पिछले 9 दिनों से लगातार थोड़ा-थोड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का औसत AQI 135 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम श्रेणी’ में आता है।
मंगलवार को यह 141 था, यानी 24 घंटे में AQI में 6 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। NCR के अन्य शहरों में भी यही स्थिति बनी रही। आने वाले दिनों में भी AQI के मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना जताई गई है।
आज शाम चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज शाम 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ समय के लिए हवा की रफ्तार 35 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इससे प्रदूषण फैलाव में थोड़ी राहत मिल सकती है।
आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
दिल्लीवालों के लिए अलर्ट
दिल्ली-NCR के लोगों के लिए गर्मी और वायु प्रदूषण दोनों ही चुनौती बने हुए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि धूप में निकलते समय छाता, टोपी और सनस्क्रीन का उपयोग जरूर करें। अधिक समय तक धूप में रहने से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।