Columbus

Ayodhya: गोलियों से फूलों तक का सफर! CM योगी ने गिनाए अयोध्या के बदलाव

Ayodhya: गोलियों से फूलों तक का सफर! CM योगी ने गिनाए अयोध्या के बदलाव

अयोध्या दौरे पर CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं, आज उन पर पुष्पवर्षा होती है। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का भी प्रचार किया और अयोध्या के तेजी से हो रहे विकास की सराहना की।

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या के एक दिवसीय दौरे के दौरान रामभक्तों के साथ हुए ऐतिहासिक घटनाक्रमों को याद करते हुए वर्तमान हालात की तुलना की। उन्होंने कहा कि "कभी अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं पर गोलियां चलती थीं, आज उन पर पुष्पवर्षा होती है। उन्हें अब RO का शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।"

योगी आदित्यनाथ ने राम कथा पार्क में अयोध्या नगर निगम के वर्तमान बोर्ड के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अयोध्या आज 'अतिथि देवो भव:' की नई परिभाषा गढ़ रहा है और दुनिया के लिए आदर्श बन रहा है।

पौधरोपण से कार्यक्रम की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह पुष्प वाटिका में पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने राम कथा पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में भाग लिया, इस मौके पर उन्होंने गंगा दशहरा, सरयू महोत्सव और विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। योगी ने नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण और शहर के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

‘500 साल का इंतजार खत्म’: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को बताया ऐतिहासिक क्षण

सीएम योगी ने श्रीराम जन्मभूमि में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ, जिससे 500 वर्षों का लंबा इंतजार समाप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और वहां हाल में स्थापित हुए 7 अन्य मंदिरों और देव विग्रहों की स्थापना पर संतोष व्यक्त किया।

सरयू और गंगा के धार्मिक महत्व को किया उजागर

गंगा दशहरा के अवसर पर सरयू महोत्सव को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरयू नदी और भगवान श्रीराम का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा, "अयोध्या की पहचान मां सरयू के बिना अधूरी है।"

उन्होंने बताया कि यह पवित्र नदी हजारों वर्षों से अयोध्यावासियों और भक्तों के लिए पूजनीय रही है। साथ ही, उन्होंने गंगा के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि "मां गंगा न केवल भारत की बल्कि दुनिया की सबसे उर्वर भूमि को सिंचित करती हैं।"

‘एक पेड़ मां के नाम’: पर्यावरण दिवस पर दिया खास संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि "अगर हर व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाए, तो पर्यावरण संकट की कोई संभावना नहीं रहेगी।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने खुद लखनऊ स्थित अपने आवास पर बेल का पौधा लगाया और अयोध्या में सरयू तट पर पीपल, पाकड़, नीम और नवग्रहों के पेड़ रोपित किए हैं।

अयोध्या के विकास कार्यों की खुले मंच से प्रशंसा

सीएम योगी ने अयोध्या नगर निगम के विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नगर निगम ने बीते दो वर्षों में पर्यावरण संरक्षण, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या अब सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही है।

Leave a comment