Bihar Politics News: बिहार में बढ़ा राजनीतिक तापमान, नितीश कुमार ने बीजेपी से मांगी माफ़ी, ठहराया स्वयं को दोषी

Bihar Politics News: बिहार में बढ़ा राजनीतिक तापमान, नितीश कुमार ने बीजेपी से मांगी माफ़ी, ठहराया स्वयं को दोषी
Last Updated: 06 सितंबर 2024

बिहार में एक बार फिर राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। नीतीश कुमार के बारे में अटकलें तेज हो गई हैं। नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि वह अब राजद के साथ नहीं जाएंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि वह पहले दो बार अपनी स्थिति बदल चुके हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

पटना: बिहार में सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार (6 सितंबर 2024|) को पटना पहुंचे। यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। लेकिन इस कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण बात ये रही कि नीतीश कुमार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। जानकारी के मुताबिक पटना में आयोजित कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने संबोधन दिया, जिसमें जेपी नड्डा मंच पर उनके साथ थे। नीतीश कुमार ने कहा, "हम दो बार उन लोगों (आरजेडी) के साथ चले गए थे, यह हमारी गलती थी। अब यह गलती कभी नहीं होगी।"

'जेपी नड्डा का बिहार से है पुराना संबंध' - नितीश कुमार

नीतीश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि अब हम कभी उधर नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि हमने बीजेपी के साथ मिलकर बिहार में विकास कार्य किए हैं, जबकि पहले की सरकार कोई काम नहीं करती थी। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि दरभंगा एम्स का कार्य जल्द ही शुरू होगा। उन्होंने जेपी नड्डा से कहा,"आप बिहार आते रहिएगा।" जेपी नड्डा का बिहार से एक गहरा और पुराना रिश्ता है, क्योंकि उनका जन्म यहीं हुआ हैं।

इस कार्यक्रम में जेपी नड्डा ने भी अपने विचार प्रकट किए। बीजेपी के नेता ने कहा कि बिहार में जो भी विकास हुआ है, उसकी कहानी 2005 से शुरू होती है। आज 2024 है और बिहार ने विकास में एक बड़ी छलांग लगाई है। लालू-राबड़ी शासन पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, "पहले की स्थिति सभी को ज्ञात है। उस समय कोई काम नहीं होता था।"

क्यों बढ़ा बिहार का सियासी तापमान?

जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की मुलाकात ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। इस मुलाकात के बाद से बिहार में फिर से 'खेला होने' की चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कई लोगों ने दावा किया कि नीतीश कुमार ने तेजस्वी और लालू से फिर से मुलाकात की है। लेकिन यह वीडियो दरअसल दो साल पुराना था। शुक्रवार को नीतीश कुमार ने सभी सियासी कयासों पर पूर्ण विराम लगाते हुए स्पष्टता प्रदान की।

 

 

Leave a comment
 

Latest News