Delhi Election 2025: BJP का शाहदरा में चुनावी मास्टर स्ट्रोक, चंद्रबाबू नायडू ने रचा नया समीकरण

Delhi Election 2025: BJP का शाहदरा में चुनावी मास्टर स्ट्रोक, चंद्रबाबू नायडू ने रचा नया समीकरण
अंतिम अपडेट: 2 घंटा पहले

BJP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए शाहदरा सीट पर खास प्लान तैयार किया है। रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी यहां बड़ा कदम उठाया।

Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सहयोगी दलों का समर्थन जुटाया है। रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के नेता एन चंद्रबाबू नायडू शाहदरा पहुंचे और यहां एक जनसभा में भाजपा के समर्थन में वोट की अपील की।

आंध्र प्रदेश के लोगों के बीच जनसभा में नायडू ने दिया भाषण

शाहदरा में बड़ी संख्या में आंध्र प्रदेश के लोग बसे हुए हैं, इस कारण से नायडू ने जनसभा को तेलुगु भाषा में संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि "दिल्ली की खराब स्थिति के लिए आप सरकार जिम्मेदार है और भाजपा की जीत अब समय की आवश्यकता है।"

तेलुगु समुदाय का भाजपा के समर्थन में आना जरूरी: नायडू

नायडू ने आगे कहा कि वह भाजपा का समर्थन करने के लिए दिल्ली आए हैं और पूरी तरह विश्वास रखते हैं कि दिल्ली में बसे तेलुगु समुदाय के लोग भाजपा के साथ खड़े होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर पूरे देश के हर वर्ग के लिए काम करते हैं।

भाजपा की जीत दिल्ली के भविष्य के लिए आवश्यक

नायडू ने दिल्ली में मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत और प्रगतिशील सरकार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने दिल्ली के तेलुगु समुदाय से भाजपा को सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि "भाजपा की जीत दिल्ली के लिए जरूरी है।"

भारत की वैश्विक उपस्थिति और मोदी की नेतृत्व क्षमता पर जोर

नायडू ने भारत की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति की सराहना करते हुए कहा, "अगर भाजपा दिल्ली पर शासन कर रही होती, तो दिल्ली का हाल वाशिंगटन के बराबर हो गया होता।" साथ ही, उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

Leave a comment