Delhi Election Results: AAP को बड़ा झटका! जंगपुरा में मनीष सिसोदिया की हार, BJP के तरविंदर सिंह ने मारी बाजी

Delhi Election Results: AAP को बड़ा झटका! जंगपुरा में मनीष सिसोदिया की हार, BJP के तरविंदर सिंह ने मारी बाजी
अंतिम अपडेट: 08-02-2025

दिल्ली चुनाव में जंगपुरा से मनीष सिसोदिया 600 वोटों से हार गए। बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह ने जीत दर्ज की। AAP को कानूनी विवादों और वोटर शिफ्टिंग से नुकसान हुआ।

Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कद्दावर नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह ने जीत दर्ज की। अपनी हार स्वीकार करते हुए सिसोदिया ने कहा, "हमने चुनाव पूरी मेहनत से लड़ा, मैं अपने सभी समर्थकों का धन्यवाद करता हूं। अब तरविंदर सिंह जनता की चिंताओं को उठाएंगे।"

पहले पटपड़गंज से जीतते थे सिसोदिया

मनीष सिसोदिया इससे पहले पटपड़गंज सीट से तीन बार (2013, 2015 और 2020) चुनाव जीत चुके थे। लेकिन इस बार AAP ने उन्हें जंगपुरा सीट से उतारा। वहीं, पटपड़गंज सीट से पार्टी ने UPSC ट्यूटर अवध ओझा को टिकट दिया, जिस पर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी हुईं। जंगपुरा सीट पर 2015 और 2020 में AAP के प्रवीण कुमार ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2013 में पार्टी ने यह सीट कांग्रेस से छीनी थी।

राजनीतिक संकट और कानूनी मुश्किलें बनी हार की वजह?

AAP इस चुनाव में कई संकटों से घिरी रही। पार्टी के कई नेताओं पर कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन एजेंसियों की जांच चल रही है। खुद मनीष सिसोदिया इस मामले में आरोपी हैं और 17 महीने जेल में बिताने के बाद अगस्त 2024 में जमानत पर बाहर आए थे। उनकी हार के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या उनकी कानूनी परेशानियों ने AAP को नुकसान पहुंचाया?

दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनना तय?

अब तक के नतीजों और रुझानों को देखें तो दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत लगभग तय मानी जा रही है। पार्टी 42 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो बहुमत के लिए जरूरी 36 सीटों से ज्यादा है। वहीं, आम आदमी पार्टी 28 सीटों पर आगे चल रही है। अगर यह रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं, तो दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी की सत्ता में वापसी होगी।

Leave a comment