Delhi Vidhan Sabha Session: 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा, विधानसभा का सत्र आज से शुरू, जानें सत्र की पूरी रूपरेखा

Delhi Vidhan Sabha Session: 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा, विधानसभा का सत्र आज से शुरू, जानें सत्र की पूरी रूपरेखा
अंतिम अपडेट: 3 घंटा पहले

दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र आज से शुरू हो रहा है, जिसमें 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता पक्ष की भूमिका में होगी। वहीं, 10 साल तक शासन में रही आम आदमी पार्टी (आप) विपक्ष की कुर्सी पर बैठेगी।

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र आज से शुरू हो रहा है, जिसमें 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता पक्ष की भूमिका में होगी। वहीं, 10 साल तक शासन में रही आम आदमी पार्टी (आप) विपक्ष की कुर्सी पर बैठेगी। इस ऐतिहासिक बदलाव के साथ ही नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण और विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

पहले दिन क्या-क्या होगा?

आज, 24 फरवरी की सुबह 11 बजे विधानसभा सत्र का आगाज होगा। सबसे पहले नवनिर्वाचित 70 विधायकों को प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली शपथ दिलाएंगे। इसके बाद, दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया है, और उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उनके नाम का प्रस्ताव रखेंगी, जिसे कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और रविंद्र इंद्रराज समर्थन देंगे।

दूसरे दिन विधानसभा में क्या होगा?

25 फरवरी को सत्र के दूसरे दिन उपराज्यपाल वीके सक्सेना का अभिभाषण होगा, जिसमें दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया जाएगा। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान लंबित पड़ी 14 कैग रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एलजी के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगी।

तीसरे दिन हंगामे के आसार

26 फरवरी को विधानसभा में अवकाश रहेगा, लेकिन 27 फरवरी को सदन में एलजी के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इस दिन सदन में जमकर हंगामा होने की संभावना है। विपक्ष में बैठी आप भाजपा सरकार को उनके चुनावी वादों की याद दिलाएगी। पार्टी की नेता आतिशी के नेतृत्व में आप विधायक भाजपा के महिलाओं को ₹2500 मासिक देने के वादे और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर चुके हैं।

भाजपा सरकार के सामने बड़ी चुनौती

दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार कैग रिपोर्ट पेश की जाएगी। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि वे आप सरकार के कार्यकाल की कैग रिपोर्ट को सार्वजनिक करेंगे, जिसे पहले दबा दिया गया था। अब विधानसभा में इस पर चर्चा होगी और सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी रुख को लेकर विपक्ष भी आक्रामक रुख अपना सकता हैं।

ऐतिहासिक सत्र, सत्ता परिवर्तन और भविष्य की रणनीति

27 साल बाद भाजपा को दिल्ली की सत्ता में आने का मौका मिला है, और इस सत्र में सरकार की कार्यशैली की पहली झलक देखने को मिलेगी। विपक्ष भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में है, जिससे यह सत्र काफी हंगामेदार और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहने वाला हैं।

Leave a comment