दिल्ली भाजपा सरकार का एक महीना पूरा; वादों को पूरा करने की दिशा में बढ़ते कदम

दिल्ली भाजपा सरकार का एक महीना पूरा; वादों को पूरा करने की दिशा में बढ़ते कदम
अंतिम अपडेट: 20 घंटा पहले

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को सत्ता संभाले एक महीना पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। 

नई दिल्ली: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को सत्ता संभाले एक महीना पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना और महिला समृद्धि योजना की शुरुआत से लेकर यमुना नदी की सफाई और सड़क सुधार कार्यों तक, सरकार दिल्ली को विकसित राजधानी बनाने के लिए प्रयासरत हैं।

पहला बजट: ‘विकसित दिल्ली बजट’ की तैयारी

दिल्ली सरकार का पहला बजट 25 मार्च को प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे ‘विकसित दिल्ली बजट’ नाम दिया गया है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की संभावना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अधिकारियों, विधायकों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ चर्चा कर इस बजट को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

पहली कैबिनेट बैठक में बड़े फैसले

20 फरवरी को शपथ ग्रहण के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक में भाजपा सरकार ने चुनावी वादों को अमल में लाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना को लागू करने की स्वीकृति: दिल्ली सरकार ने इस योजना के तहत केंद्र की ओर से दी जाने वाली ₹5 लाख की बीमा राशि के अतिरिक्त ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने का निर्णय लिया है। इसे 10 अप्रैल तक लागू किया जाएगा।

आप सरकार के कार्यकाल की कैग रिपोर्ट पेश: विधानसभा के पहले सत्र में पूर्व सरकार के कार्यकाल से संबंधित आबकारी नीति घोटाले और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी 14 कैग रिपोर्ट प्रस्तुत की गईं।

दूसरी कैबिनेट बैठक में ‘महिला समृद्धि योजना’ को मंजूरी

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार ने ‘महिला समृद्धि योजना’ को मंजूरी दी। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को ₹2,500 प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस योजना के लिए कुल ₹5,100 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रियों की एक टीम गठित की गई हैं।

दिल्ली सरकार के पांच प्रमुख संकल्प

1. प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना को लागू करने की स्वीकृति।
2. महिला समृद्धि योजना के लिए ₹5,100 करोड़ का बजट मंजूर।
3. आप सरकार के कार्यकाल से जुड़ी दो कैग रिपोर्ट विधानसभा में पेश।
4. यमुना सफाई अभियान की शुरुआत, केंद्र सरकार के सहयोग से मास्टर प्लान तैयार।
5. सड़क सुधार परियोजनाओं को गति, ई-बस सिटी बनाने के लिए पहल।

यमुना सफाई अभियान और सड़क सुधार कार्य शुरू

सरकार ने यमुना नदी को तीन वर्षों में स्वच्छ करने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में यमुना से कचरा निकालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से मिशन मोड में इस योजना को लागू किया जाएगा। इसके साथ ही, दिल्ली की सड़कों की हालत सुधारने के लिए भी काम शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की गई हैं।
दिल्ली को ई-बस सिटी बनाने की दिशा में कदम

भाजपा सरकार ने दिल्ली को ‘ई-बस सिटी’ बनाने का वादा किया है। इस दिशा में काम तेज कर दिया गया है, और अगले महीने से नई इलेक्ट्रिक बसों के आने की उम्मीद है। गर्मी के मौसम में बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने ‘समर एक्शन प्लान’ तैयार किया है। इसमें पानी की उपलब्धता बढ़ाने, बिजली कटौती को कम करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई उपाय किए गए हैं।

Leave a comment