Haryana Election 2024: CM सैनी ने शायराना अंदाज में कांग्रेस पर कसा तंज, कहा - 'जिनके खुद के खाते बिगड़े हुए है, वो ले रहे हमारा हिसाब"

Haryana Election 2024: CM सैनी ने शायराना अंदाज में कांग्रेस पर कसा तंज, कहा - 'जिनके खुद के खाते बिगड़े हुए है, वो ले रहे हमारा हिसाब
Last Updated: 2 दिन पहले

हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वोटिंग से कुछ ही दिन पहले, राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने अपने भाषण में शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा का समय अब खत्म हो चुका है और उनके पास जनता को देने के लिए कुछ भी नया नहीं हैं।

करनाल: हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है। राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा और इसके नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इस समय सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में, राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल के इंद्री विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर शायराना अंदाज में तंज कसा। सैनी ने हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति अब खत्म हो चुकी है और जनता उनके पुराने वादों से तंग आ चुकी है। मुख्यमंत्री का यह शायराना अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना और चुनावी माहौल में गर्मजोशी भरने का काम किया।

8 अक्टूबर को दिखाएंगे असली फिल्म - सीएम सैनी

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर शायराना अंदाज में तीखा हमला किया। करनाल के इंद्री विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा, "जिनके खुद के खाते खराब हैं, वो हमारा हिसाब पूछ रहे हैं।" उन्होंने इशारा किया कि विपक्षी नेता खुद के कार्यकाल में जवाबदेही से चूक गए हैं और अब उनकी सरकार से सवाल कर रहे हैं।

सैनी ने हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा, "अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, आगे 8 अक्टूबर को पूरी फिल्म दिखाएंगे।" इसके साथ ही उन्होंने अपनी सरकार की घोषणाओं का बचाव करते हुए कहा, "मेरी घोषणाओं के बाद हुड्डा का पेट खराब होता है। हुड्डा ने कहा कि मैं सिर्फ घोषणाएं कर रहा हूं, लेकिन मैं उनको बता दूं कि ये सिर्फ घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि इसे धरातल पर उतारने का काम भी हमारी सरकार ने किया हैं।"

मुख्यमंत्री ने हुड्डा के 10 साल के शासन को चुनौती देते हुए कहा, "अगर मेरे 56 दिन के शासन की तुलना की जाए, तो ये भी आपके 10 साल के शासन पर भारी पड़ेगा।" सैनी का यह बयान हरियाणा में सत्ता पक्ष की ओर से खुद की उपलब्धियों को बढ़ाकर दिखाने और विपक्ष को कमजोर बताने की रणनीति के तहत आया हैं।

हरियाणा में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार - नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करनाल जिले के इंद्री में आयोजित जन आशीर्वाद रैली की तस्वीर साझा करते हुए एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने भाजपा प्रत्याशी राम कुमार कश्यप को बड़े अंतर से जीताने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने लिखा, "करनाल जिले के इंद्री में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी राम कुमार कश्यप जी को बड़े मार्जिन से एक बार फिर जिताने का आह्वान किया।"

उन्होंने राम कुमार कश्यप की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इंद्री क्षेत्र और पिछड़ा वर्ग के लिए विधानसभा में जोरदार तरीके से आवाज उठाई है। मुख्यमंत्री ने भाजपा की विकास योजनाओं पर जोर देते हुए लिखा, "भारतीय जनता पार्टी ने समग्र हरियाणा का विकास किया है और अपने सभी परिवारजनों के साथ न्याय किया है।" उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा के विकास की गति को बनाए रखने के लिए तीसरी बार पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार जरूरी हैं।

नाम वापसी के आखरी दिन कई नेताओं ने छोड़ा मैदान

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि थी। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के कुछ असंतुष्ट नेताओं ने, जिन्हें उनकी पार्टियों से टिकट नहीं मिला था, अपने नाम वापस ले लिए। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव के लिए कुल 1,559 से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के बाद 1,221 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इनमें से 190 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद अब 1,031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। ये उम्मीदवार अब 5 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव लड़ेंगे, और नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

 

 

Leave a comment
 

Latest News