Haryana Politics: आज हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, स्पीकर-डिप्टी स्पीकर के चुनाव के साथ नवनिर्वाचित विधायक करेंगे शपथ ग्रहण

Haryana Politics: आज हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, स्पीकर-डिप्टी स्पीकर के चुनाव के साथ नवनिर्वाचित विधायक करेंगे शपथ ग्रहण
Last Updated: 7 घंटा पहले

हरियाणा की 15वीं विधानसभा का विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है। पहले दिन सभी विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा। इस बार विधानसभा में 40 नए विधायक चुने गए हैं।

Haryana Politics: हरियाणा की 90 सदस्यीय 15वीं विधानसभा का विशेष सत्र आज, यानी शुक्रवार को शुरू हो रहा है। भाजपा सरकार के पहले सत्र में विधायकों की शपथ ग्रहण के अलावा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव किया जाएगा। इस बार विधानसभा में 40 नए विधायक हैं, जो पहली बार विधायक बने हैं। वर्तमान में यह सत्र केवल एक दिन के लिए निर्धारित किया गया है, जबकि दीपावली के बाद सरकार नियमित सत्र बुलाएगी। विधानसभा सचिव ने गुरुवार को विधानसभा परिसर का दौरा करके सभी तैयारियों का जायजा लिया।

अभी विधायकों के नाम से नहीं होगी सीट अलॉट

पहले सत्र में विधायकों के नाम से सीटें आवंटित नहीं की जाएंगी। सभी विधायकों को विधानसभा के अगले नियमित सत्र के दौरान ही नाम के अनुसार सीटें अलॉट की जाएंगी। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार की सुबह राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय कांग्रेस विधायक रघुवीर कादयान को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे।

रघुवीर कादयान सातवीं बार विधायक चुने गए हैं। राजभवन में शपथ ग्रहण के बाद, प्रोटेम स्पीकर सभी विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा। इस चुनाव के साथ प्रोटेम स्पीकर की मान्यता समाप्त हो जाएगी।

इसके बाद, मुख्यमंत्री नायब सैनी और विपक्षी दलों के प्रतिनिधि प्रोटेम स्पीकर की जगह स्थायी स्पीकर को उनके पद पर बिठाएंगे। इसके बाद सदन के नेता मुख्यमंत्री और विपक्षी राजनीतिक दलों जैसे कांग्रेस, इनेलो और निर्दलीय विधायक अपने-अपने वक्तव्य देंगे। भाजपा के विधायक दल की भी आज बैठक होगी।

नए विधायकों का शपथ ग्रहण

आज शुरू होने वाली विधानसभा में विभिन्न पेशेवर पृष्ठभूमियों के नेता, जैसे वकील, डॉक्टर और किसान, शामिल होंगे। विधानसभा के 90 विधायकों में से 40 ऐसे हैं, जो पहली बार विधायक बनकर सदन में पहुंचे हैं। इनमें भाजपा के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, इनेलो के दो और दो निर्दलीय विधायक भी पहली बार चुने गए हैं। 21 विधायक दूसरी बार और 14 तीसरी बार विधानसभा में पहुंचे हैं। इनमें से कई विधायक ऐसे हैं, जो दो से छह बार विधायक बन चुके हैं। इस बार विधानसभा में केवल दो विधायक ही सात बार चुने गए हैं, जिनमें से एक हैं कांग्रेस के डॉ. रघुबीर सिंह कादियान और दूसरे हैं भाजपा के अनिल विज, जो अंबाला कैंट से विधायक हैं।

छठी बार विधानसभा पहुंचे भूपेंद्र हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा छठी बार विधानसभा में पहुंच चुके हैं। कैथल से कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने आदित्य सुरजेवाला इस विधानसभा के सबसे युवा विधायक हैं, जिन्होंने मात्र 25 साल की उम्र में विधानसभा में कदम रखा है। वहीं, सबसे उम्रदराज विधायक 80 वर्षीय रघुबीर सिंह कादयान हैं, जिन्होंने बेरी हलके से लगातार छठी बार जीत हासिल की है। इस बार 21 विधायक दूसरी, 14 विधायक तीसरी, चार विधायक चौथी, पांच विधायक पांचवीं और एक विधायक छठी बार विधानसभा पहुंचे हैं।

70 साल से अधिक उम्र के विधायक शामिल

डॉ. रघुबीर कादयान के अलावा, छह अन्य विधायक हैं, जिनकी उम्र 70 साल से अधिक है। इनमें सफीदों से भाजपा के रामकुमार गौतम (78), कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा (77), हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल (74), राई से भाजपा की कृष्णा गहलोत (73), इंद्री से भाजपा के रामकुमार कश्यप, और अंबाला कैंट से भाजपा के अनिल विज (71) शामिल हैं।

पूर्व विधायकों ने भी की जीत हासिल

इनेलो के टिकट पर डबवाली से चुनाव जीते आदित्य देवीलाल चौटाला और रानियां से अर्जुन चौटाला भी पहली बार सदन में दस्तक देंगे। इसके अलावा, गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र सिंह कादियान और बहादुरगढ़ से राजेश जून भी पहली बार चुने गए हैं। चौदहवीं विधानसभा में नब्बे में से 43 विधायक पहली बार चुने गए थे, जबकि इस बार 20 पूर्व विधायकों ने भी जीत हासिल की है।

घरौंडा से हरविंद्र कल्याण बनेंगे स्पीकर

आज विधानसभा में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा। करनाल जिले के घरौंडा से जीत की हैट्रिक लगाने वाले हरविंद्र कल्याण को भाजपा स्पीकर बना सकती है। वे रोड़ जाति से आते हैं और कभी विवादों में नहीं रहे।

वहीं, डिप्टी स्पीकर के लिए डॉ. कृष्ण मिढ्ढा का नाम सबसे आगे है। विनोद भयाना (हांसी) और घनश्याम दास अरोड़ा (यमुनानगर) के नाम भी चर्चा में हैं। विधायक दल की आज बैठक होगी।

 

 

Leave a comment