हिमाचल भाजपा अध्यक्ष का नाम 20 अप्रैल तक घोषित हो सकता है। चुनाव अधिकारी 15 अप्रैल के बाद राज्य दौरे पर आएंगे। बिंदल, जम्वाल और भारद्वाज रेस में हैं। नई टीम के साथ चुनाव लड़ेगी भाजपा।
शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा (Himachal BJP) में नया प्रदेश अध्यक्ष कौन बनेगा, इस पर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले 20 अप्रैल तक हिमाचल बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल सकता है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 15 अप्रैल के बाद चुनाव अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह प्रदेश का दौरा करेंगे और नई नियुक्ति की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे।
इन नेताओं के नाम हैं रेस में शामिल
भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में कई दिग्गज नेताओं के नाम सामने आए हैं। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, बिलासपुर सदर से विधायक त्रिलोक जम्वाल, और लोकसभा सदस्य डॉ. राजीव भारद्वाज इस रेस के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन तीनों में से किसी एक पर मुहर लग सकती है।
प्रदेश में संगठनात्मक प्रक्रिया लगभग पूर्ण
हिमाचल में मंडल और जिला स्तर पर अध्यक्षों का चयन पहले ही किया जा चुका है। इसके साथ ही मंडल स्तर की कार्यकारिणी भी घोषित हो चुकी हैं। अब केवल प्रदेश स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन की औपचारिक घोषणा बाकी है।
नई टीम के सहारे लड़ा जाएगा अगला चुनाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई टीम ही आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाएगी और चुनावी अभियान को लीड करेगी। भाजपा की रणनीति है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चयन कर लिया जाए। अब तक 13 राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है।