Hindenburg vs Adani: हिंडनबर्ग और अदाणी ग्रुप आमने-सामने, Swiss Account में 31 करोड़ डॉलर फ्रीज होने की बात पर अदाणी ग्रुप ने कहा - 'झूठे हैं ये दावे'

Hindenburg vs Adani: हिंडनबर्ग और अदाणी ग्रुप आमने-सामने, Swiss Account में 31 करोड़ डॉलर फ्रीज होने की बात पर अदाणी ग्रुप ने कहा - 'झूठे हैं ये दावे'
Last Updated: 13 सितंबर 2024

हिंडनबर्ग रिसर्च और अदाणी ग्रुप के बीच चल रहे विवाद में अब नया मोड़ आया है। हिंडनबर्ग रिसर्च ने आरोप लगाया है कि अदाणी ग्रुप के 6 स्विस अकाउंट को फ्रीज कर दिया गया है। इसके जवाब में, अदाणी ग्रुप ने इस दावे को पूरी तरह से झूठा बताया और इसे खारिज किया है। यह विवाद पिछले साल से जारी है और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की लंबी श्रृंखला चल रही हैं।

बिजनेस डेस्क: हिंडनबर्ग रिसर्च ने अदाणी ग्रुप पर नया आरोप लगाते हुए कहा है कि स्विस बैंकों में अदाणी ग्रुप की कंपनियों से जुड़े कई खातों में जमा लगभग 31 करोड़ डॉलर को स्विस अधिकारियों ने फ्रीज कर दिया है। यह जानकारी स्विस इन्वेस्टिगेटिव न्यूज साइट गोथम सिटी के हवाले से दी गई है और रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के बाद की गई है। अदाणी ग्रुप ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए इन्हें झूठा बताया है। यह विवाद हिंडनबर्ग रिसर्च और अदाणी ग्रुप के बीच लंबे समय से जारी है और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी हुई हैं।

हिंडनबर्ग ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट कर दी जानकारी

हिंडनबर्ग रिसर्च ने हाल ही में एक नई रिपोर्ट में दावा किया है कि स्विटजरलैंड में अदाणी ग्रुप के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच चल रही है। इस जांच के तहत अदाणी ग्रुप के 6 स्विस बैंक अकाउंट्स को फ्रीज कर दिया गया है, जिसमें कुल लगभग 310 मिलियन डॉलर जमा थे। स्विस क्रिमिनल कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक प्रॉसीक्यूटर्स ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति, जिसका अदाणी ग्रुप से संबंध है, उसने अपनी पहचान छुपाकर बीवीआई/मॉरीशस और बरमूडा फंड्स में निवेश किया हैं।

स्विस मीडिया आउटलेट्स ने बताया है कि हिंडनबर्ग के आरोपों से पहले ही जिनेवा पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ऑफिस अदाणी ग्रुप के गलत कामों की जांच कर रहा था। अदाणी ग्रुप ने इन दावों को पूरी तरह से झूठा और निराधार बताया हैं।

अदाणी ग्रुप ने आरोप को लेकर दी प्रतिक्रिया

हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अदाणी ग्रुप ने देर रात एक मीडिया स्टेटमेंट जारी किया। कंपनी ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि हिंडनबर्ग जानबूझकर उनके खिलाफ ऐसी सूचनाएं फैला रहा है ताकि कंपनी की मार्केट वैल्यू प्रभावित हो सके। अदाणी ग्रुप ने स्पष्ट किया कि उनका स्विस कोर्ट की किसी भी कार्यवाही से कोई संबंध नहीं है और उनके किसी भी स्विस अकाउंट को फ्रीज नहीं किया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि यदि मीडिया इस खबर को प्रकाशित करता है, तो उनके बयान को भी शामिल करना चाहिए।

कंपनी ने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि उनका ओवरसीज होल्डिंग स्ट्रक्चर पूरी तरह पारदर्शी है और कंपनी नियमों का कोई उल्लंघन नहीं कर रही है। अदाणी ग्रुप ने यह भी आरोप लगाया कि यह सब कुछ कंपनी की मार्केट वैल्यू को कम करने और कंपनी को नुकसान पहुंचाने की एक सोची-समझी कोशिश हैं।

 

 

Leave a comment