Maiya Samman Yojana 2024: सीएम हेमंत सोरेन आज जारी करेंगे मंईयां सम्मान योजना की दूसरी क़िस्त, जानें किन महिलाओं को मिलेगा लाभ

Maiya Samman Yojana 2024: सीएम हेमंत सोरेन आज जारी करेंगे मंईयां सम्मान योजना की दूसरी क़िस्त, जानें किन महिलाओं को मिलेगा लाभ
Last Updated: 13 सितंबर 2024

मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत, यदि किसी घर में तीन महिलाएं और बुजुर्ग सदस्य हैं, तो सरकार हर वर्ष 60 हजार रुपये प्रदान करेगी। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह राशि महिलाओं के बैंक खातों में सीधे लाभ हस्तांतरण (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी। इस योजना में 18 वर्ष की आयु की महिलाओं को भी शामिल किया गया है।

Ranchi: सोएम हेमंत सोरेन शुक्रवार यानि आज 13 सितंबर को बोकारो के ललपनिया क्षेत्र में स्थित लुगुबुरु की पवित्र भूमि घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ से मैया सम्मान योजना की दूसरी किस्त का वितरण करेंगे। इस योजना के तहत, राज्य की 45 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण किया जाएगा। इससे पहले, मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न चरणों में पहली किस्त का हस्तांतरण किया जा चुका है।

मैया सम्मान योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करना है, और इस पहल के तहत सरकार महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

योजना के तहत महिलाओं का किया रजिस्ट्रेशन

अब तक योजना का लाभ लेने के लिए 48,15,048 महिलाओं का निबंधन किया जा चुका है। इनमें से 45,36,597 महिलाएं सम्मान राशि से लाभान्वित हुई हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदेश दिया है कि हर महीने की 15 तारीख तक सभी लाभार्थियों के खातों में सम्मान राशि भेजी जाएगी।

18 से 20 वर्ष की आयु की महिलाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री के निर्देश और राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद, अब 18 से 20 वर्ष की महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही इन्हें भी सम्मान राशि प्राप्त होने लगेगी। इससे पहले, इस योजना के तहत केवल 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को ही लाभ दिया जाता था।

योजना के कारवां को इस प्रकार बढ़ाया

तीन अगस्त से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए आवेदन लेना शुरू हुआ। अगले दिन ऑनलाइन आवेदन में रही समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने ऑफलाइन आवेदन लेने का निर्देश दिया। 18 अगस्त को पहली बार इस योजना के तहत पाकुड़ जिले में 80 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया।

इसके बाद 22 अगस्त को पलामू प्रमंडल के लातेहार, मेदिनीनगर और गढ़वा जिलों में 2.50 लाख से अधिक लोगों को सहायता प्रदान की गई। फिर 24 अगस्त को उत्तरी छोटानागपुर के रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिलों में 13 लाख 94 हजार से अधिक व्यक्तियों को इस योजना का लाभ मिला।

योजना से महिलाओं को वित्तीय सहायता हुई प्राप्त

27 अगस्त को संताल परगना के देवघर, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, दुमका और जामताड़ा की 7 लाख 32 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में राशि का हस्तांतरण किया गया। इसके बाद, 28 अगस्त को कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां की 7 लाख 32 हजार से अधिक महिलाओं को राशि मिली। फिर, 4 सितंबर को दक्षिणी छोटानागपुर के रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा की 7 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 70 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की गई।

 

Leave a comment