नागपुर में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) के कार्याध्यक्ष हमीद इंजीनियर को गिरफ्तार किया हैं।
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर हिंसा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (Minorities Democratic Party) के कार्याध्यक्ष हमीद इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी आज, 22 मार्च को की गई। हमीद इंजीनियर पर सोशल मीडिया के माध्यम से हिंसा की साजिश रचने का आरोप हैं।
नागपुर पुलिस के साइबर सेल की जांच में यह खुलासा हुआ है कि हिंसा वाले दिन उन्होंने यूट्यूब चैनल पर भड़काऊ बयान दिए थे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस अब इस मामले में और भी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
सोशल मीडिया के जरिए हिंसा भड़काने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमीद इंजीनियर ने 22 मार्च को अपने यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम के दौरान उत्तेजक बयान दिए, जिससे कुछ समूहों में आक्रोश फैल गया। इसके अलावा, उन्होंने कथित तौर पर विभिन्न संगठनों के लिए चंदा मांगने की आड़ में विवादित पोस्ट भी किए थे। सूत्रों के अनुसार, MDP के कई सदस्यों की गतिविधियां भी संदिग्ध पाई गई हैं। पुलिस को शक है कि यह हिंसा कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। मुख्य आरोपी फहीम खान के साथ हमीद इंजीनियर के संबंध होने के भी प्रमाण मिले हैं।
नागपुर पुलिस की सख्ती जारी
नागपुर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि, "हमारे पास पुख्ता सबूत हैं कि हमीद इंजीनियर ने हिंसा भड़काने में भूमिका निभाई। सोशल मीडिया के जरिए नफरत फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।" पुलिस ने अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के संकेत भी दिए हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और भड़काऊ पोस्ट देखने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें। सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों और हिंसात्मक पोस्ट्स से सतर्क रहने की जरूरत हैं।