Columbus

नोएडा से लेकर मुंबई तक कोविड केसों में तेजी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

भारत में कोरोना केस बढ़ रहे हैं। दिल्ली, मुंबई, नोएडा में मरीज मिले। ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड्स की तैयारी तेज। JN.1 वेरिएंट की आशंका। सरकार सतर्क, घबराने की जरूरत नहीं।

Covid: देश में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद, मुंबई, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात जैसे राज्यों में नए कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। दिल्ली में तीन वर्षों के बाद मई महीने में पहली बार 23 केस दर्ज किए गए हैं। वहीं, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में भी संक्रमण ने फिर से दस्तक दी है।

नोएडा में पहला केस, दिल्ली में प्रशासन सतर्क

नोएडा में कोरोना की वापसी का पहला मामला शनिवार को सामने आया, जहां 55 वर्षीय एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया। इसके अलावा गाजियाबाद में भी चार मामलों की पुष्टि हुई है। दिल्ली में 23 नए केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को ऑक्सीजन सिलेंडर, कोविड टेस्टिंग किट, बेड और वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने का निर्देश दिया है।

JN.1 वैरिएंट से फैला संक्रमण, लेकिन लक्षण हल्के

इस बार संक्रमण का मुख्य कारण ओमिक्रॉन का उप-वैरिएंट JN.1 बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वैरिएंट अत्यधिक संक्रामक है, लेकिन घबराने की बात नहीं है क्योंकि इसके लक्षण सामान्य इन्फ्लूएंजा जैसे हैं। संक्रमितों में बुखार, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द और थकावट जैसे लक्षण पाए जा रहे हैं। मरीज तीन से चार दिनों में ठीक हो रहे हैं और फिलहाल किसी भी मौत की सूचना नहीं है।

केरल में सर्वाधिक 273 संक्रमित, मास्क अनिवार्य

केरल में मई महीने में सबसे ज्यादा 273 मरीज सामने आए हैं। राज्य सरकार ने सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी है और अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। खांसी या जुकाम के लक्षण वालों को चेहरे ढकने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र और मुंबई में बढ़ते आंकड़े

महाराष्ट्र के मुंबई में मई में अब तक 95 नए केस सामने आ चुके हैं, जो राज्य में सबसे अधिक हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती होने की दर बहुत कम है, केवल 16 मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने SARI (गंभीर श्वसन बीमारी) के लक्षण वाले सभी मरीजों की कोविड जांच कराने का निर्देश जारी किया है।

कर्नाटक और आंध्र प्रदेश भी सतर्क

कर्नाटक में 35 नए केस सामने आए हैं, जिनमें नौ महीने का बच्चा भी शामिल है। राज्य सरकार ने गंभीर श्वसन बीमारी के लक्षण वालों को कोविड टेस्ट कराने की सलाह दी है। वहीं आंध्र प्रदेश में संक्रमण के मामलों में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं दिखी है, लेकिन सरकार ने टीके, पीपीई किट और मास्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

गुजरात: अहमदाबाद में एक दिन में 20 केस

गुजरात के अहमदाबाद शहर में एक ही दिन में 20 कोविड केस दर्ज हुए हैं। नगर निगम के अनुसार मई में अब तक कुल 39 मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनमें से आठ ठीक हो चुके हैं। शहर के उत्तर-पश्चिम ज़ोन में सबसे ज्यादा 10 केस पाए गए हैं।

Leave a comment