पीएम मोदी ने सिक्किम की 50वीं वर्षगांठ पर बधाई दी, पहलगाम हमले को मानवता पर हमला बताया, ऑपरेशन सिंदूर से आतंकियों को करारा जवाब देने की बात कही।
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 मई 2025 को सिक्किम के 50 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। खराब मौसम के कारण पीएम मोदी का सिक्किम दौरा रद्द करना पड़ा, लेकिन उन्होंने गंगटोक में होने वाले कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़कर सिक्किम की जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की चर्चा भी की और कहा कि यह आतंकियों को करारा जवाब देने का एक मजबूत उदाहरण है।
खराब मौसम के चलते सिक्किम दौरा रद्द
प्रधानमंत्री मोदी 29 मई से देश के चार राज्यों के दौरे की शुरुआत करने वाले थे, जिसकी शुरुआत सिक्किम से होनी थी। सिक्किम को राज्य बने 50 साल पूरे होने पर गंगटोक में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें पीएम मोदी को भी शामिल होना था। लेकिन खराब मौसम के चलते पीएम मोदी का दौरा रद्द करना पड़ा।
हालांकि, उन्होंने बागडोगरा से वर्चुअली जुड़कर सिक्किम की जनता को संबोधित किया और उन्हें राज्य की 50वीं वर्षगांठ की बधाई दी। पीएम मोदी ने सिक्किम की संस्कृति, विरासत और प्रगति की जमकर तारीफ की।
पहलगाम हमले पर बोले पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने हाल ही में हुए पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा,"आतंकियों ने पहलगाम में जो किया, वो सिर्फ भारत पर हमला नहीं था, बल्कि मानवता पर हमला था।"
पीएम मोदी ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए भारत ने आतंकियों को करारा जवाब दिया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया और पाकिस्तान की नापाक साजिशों को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने यह दिखा दिया है कि भारत कब, कैसे और कितनी तेजी से जवाब दे सकता है।
पीएम मोदी ने कहा,पाकिस्तान ने हमारे नागरिकों और सैनिकों पर हमले की कोशिश की, लेकिन उनके मंसूबे नाकाम हुए। हमने उनके कई एयरबेस तबाह कर दिखा दिया कि भारत की ताकत क्या है। आज दुनिया देख रही है कि भारत पहले से ज्यादा एकजुट है और आतंक के खिलाफ हम मजबूती से खड़े हैं।
सिक्किम की 50 साल की यात्रा की सराहना, जनता को दी बधाई
पीएम मोदी ने सिक्किम को उसकी 50वीं वर्षगांठ पर बधाई देते हुए कहा "50 साल पहले सिक्किम ने लोकतांत्रिक भविष्य को अपनाया। यहां के लोगों ने यह भरोसा जताया कि जब सभी की आवाजें सुनी जाएंगी, और सभी के अधिकारों की रक्षा होगी, तभी प्रगति के समान अवसर मिल पाएंगे।"
उन्होंने कहा कि पिछले 50 सालों में सिक्किम ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां के लोगों ने भारत के विकास में अहम भूमिका निभाई है। पीएम मोदी ने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और विरासत की तारीफ करते हुए कहा, यहां की धरती पर प्रकृति की अद्भुत छटा है। झीलें, झरने, बौद्ध मठ, कंचनजंगा नेशनल पार्क- ये सब सिक्किम की पहचान हैं, जिन पर न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया को गर्व है।
सिक्किम में कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सिक्किम के विकास के लिए शुरू हुए कई प्रोजेक्ट्स की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि "आज सिक्किम में नया स्काईवॉक बन रहा है, स्वर्ण जयंती प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन हो रहा है, और अटल जी की प्रतिमा का अनावरण भी किया जा रहा है। ये सभी प्रोजेक्ट्स सिक्किम के विकास की नई उड़ान के प्रतीक हैं।"
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री और सिक्किम सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि "आपने 50वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए बेहतरीन आयोजन किया है। मुख्यमंत्री ने पूरी लगन और मेहनत से इसे सफल बनाया। मैं सिक्किम की जनता को बधाई देता हूं कि आपने लोकतंत्र और विकास में इतनी बड़ी भूमिका निभाई।"