Dublin

Ram Navami 2025: अयोध्या में राम जन्मोत्सव! सूर्य तिलक से गूंजा मंदिर परिसर

Ram Navami 2025: अयोध्या में राम जन्मोत्सव! सूर्य तिलक से गूंजा मंदिर परिसर
अंतिम अपडेट: 2 दिन पहले

रामनवमी पर अयोध्या में श्रीरामलला का अभिषेक और भव्य श्रृंगार हुआ। दोपहर 12 बजे सूर्य तिलक किया गया, जिसका सीधा प्रसारण दुनियाभर के श्रद्धालुओं ने देखा।

Ram Navami 2025 Ayodhya: आज रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या भक्ति और उल्लास में सराबोर है। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर रामनगरी में भव्य आयोजन हो रहे हैं। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। इस बार का मुख्य आकर्षण रहा सूर्य तिलक, जब दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणों ने श्रीराम लला के ललाट पर स्वाभाविक तिलक किया।

सूर्य तिलक: विज्ञान और आस्था का संगम

दोपहर ठीक 12 बजे, सूर्य की किरणों ने लगभग 4 मिनट तक श्रीराम लला के ललाट को प्रकाशित किया। इसे 'सूर्य तिलक' कहा जाता है। यह पूरा प्रयोग पूरी तरह वैज्ञानिक है, जिसे ISRO के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है। इस अद्वितीय दृश्य का सीधा प्रसारण दुनिया भर में किया गया, जिसे करोड़ों श्रद्धालुओं ने लाइव देखा और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।

विशेष अभिषेक और श्रृंगार से शुरू हुआ उत्सव

सुबह 9:30 बजे से भगवान श्रीराम का विशेष अभिषेक हुआ, जो एक घंटे तक चला। उसके बाद श्रींगार और आरती की गई। भगवान को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। दोपहर 12 बजे श्रीराम लला के जन्म का उत्सव मनाया गया। पूरे राम जन्मभूमि परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था।

अयोध्या में सांस्कृतिक भव्यता, लाखों की भीड़

राम मंदिर समेत अयोध्या के सभी प्रमुख मंदिरों को फूलों और रंगीन रोशनियों से सजाया गया। 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। हनुमानगढ़ी के पास अस्थायी टेंट, छायादार व्यवस्था, पानी की बोतलों का वितरण और हर स्थान पर कूलर व मैट्स की व्यवस्था की गई है ताकि भक्तों को गर्मी से राहत मिल सके।

1 लाख श्रीराम मंत्रों का जाप और रामायण पाठ

उत्सव को और भी आध्यात्मिक बनाने के लिए 10 विद्वान पंडित एक लाख श्रीराम मंत्रों का जाप कर रहे हैं। प्रतिदिन 3 घंटे का हवन किया जा रहा है। अंगद टीला पर रामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण का पाठ हो रहा है।

भक्ति संगीत, बधाई गीत और रामकथाओं के आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा व्याप्त है।

LED स्क्रीन और सुरक्षा प्रबंध

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए LED स्क्रीन और विशेष मोबाइल LED वैन पूरे अयोध्या में लगाई गई हैं ताकि हर भक्त इस अलौकिक दृश्य को देख सके। सुरक्षा के लिए निकासी हेतु गेट नंबर 3 निर्धारित किया गया है और प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

Leave a comment