Dublin

West Bengal: अर्जुन सिंह पर हमला! भाजपा नेता ने TMC पार्षद के बेटे पर लगाया आरोप, जानिए पूरा मामला

West Bengal: अर्जुन सिंह पर हमला! भाजपा नेता ने TMC पार्षद के बेटे पर लगाया आरोप, जानिए पूरा मामला
अंतिम अपडेट: 27-03-2025

पश्चिम बंगाल के भाटपारा में भाजपा नेता अर्जुन सिंह के आवास के बाहर गोलीबारी और बमबाजी हुई। सिंह ने टीएमसी नेता के बेटे पर हमले का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी।

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के भाटपारा में भाजपा नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के आवास के बाहर बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने बम फेंके और गोलीबारी की। इस हमले में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इलाके में भारी तनाव है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

हमलावरों के पीछे दौड़े अर्जुन सिंह

अर्जुन सिंह और उनके सहयोगियों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। बैरकपुर के पुलिस आयुक्त अजय ठाकुर ने बयान जारी कर कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

टीएमसी पार्षद के बेटे पर आरोप

पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्षद सुनीता सिंह के बेटे नमित सिंह का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि नमित सिंह ने पुलिस के सामने ही गोलियां चलाईं और अंधाधुंध बमबारी की।

जूट मिल के विवाद से जुड़ा है मामला?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मेघना जूट मिल में श्रमिकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हिंसा भड़की। टीएमसी विधायक सोमनाथ श्याम ने भाजपा नेता अर्जुन सिंह पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिंह और उनके समर्थकों ने मजदूरों पर हमला किया, जिससे झड़प हुई।

नामित सिंह ने भाजपा नेता पर लगाया पलटवार

टीएमसी पार्षद के बेटे नामित सिंह ने कहा कि अर्जुन सिंह और उनके लोगों ने मिल मजदूरों पर हमला किया और गोलियां चलाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हमले में कई लोग घायल हुए और सिंह की गिरफ्तारी की मांग की।

कैसे हुआ हमला?

घटना के बारे में अर्जुन सिंह ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे गोलियों की आवाज सुनकर वह बाहर निकले। जैसे ही वे मौके पर पहुंचे, उन पर फायरिंग शुरू हो गई। हमलावरों ने करीब पांच से सात राउंड गोलियां चलाईं। हमलावरों का पीछा करने के दौरान एक व्यक्ति नाले में गिर गया और घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कई खाली कारतूस और जिंदा बम बरामद किए गए हैं। इलाके में शांति बहाल करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है। घायल युवक को गंभीर हालत में कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a comment