देश के 10 राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तेज हवाएं भी चल सकती हैं

देश के 10 राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तेज हवाएं भी चल सकती हैं
अंतिम अपडेट: 3 घंटा पहले

देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज 10 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगामी 24 घंटों में भारी वर्षा और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान इन क्षेत्रों में ठंडक बढ़ सकती है।

उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

विभाग के अनुसार, 27 फरवरी से 1 मार्च तक उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में 27 और 28 फरवरी को तेज हवाएं चलने (30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) का अनुमान है। इसके अलावा, 28 फरवरी को पंजाब में भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

दक्षिण भारत में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने 27 फरवरी से 2 मार्च तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। इन क्षेत्रों में मौसम में अचानक बदलाव होने की संभावना के कारण विभाग ने सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

तापमान में परिवर्तन का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, और फिर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं, गुजरात में अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा, लेकिन बाद में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

गर्मियों का असर बढ़ने की संभावना

गुजरात, मुंबई और महाराष्ट्र के कई जिलों और गोवा में अगले 24 घंटों के दौरान गर्मी का असर बढ़ सकता है। 28 फरवरी तक इन राज्यों में मौसम गर्म रहेगा, जिससे नागरिकों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली में बढ़ी गर्मी

दिल्ली में बुधवार को इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान 27 फरवरी 2023 को दर्ज किए गए तापमान के समान था। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है, और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a comment