Columbus

झारखंड मौसम अपडेट: अगले 72 घंटे भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

झारखंड मौसम अपडेट: अगले 72 घंटे भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
अंतिम अपडेट: 4 घंटा पहले

झारखंड में गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है, लेकिन यह राहत अपने साथ खतरे की घंटी भी लेकर आ रही है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों के लिए 27 अप्रैल से 72 घंटे तक लगातार बारिश, तेज हवा, ओलावृष्टि और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। 

मौसम अपडेट: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रांची समेत आसपास के इलाकों में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा। रविवार को भी बादल छाए रहने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और गर्जना की संभावना जताई गई है। 

वहीं, राज्य के सात जिलों में 28 और 29 अप्रैल को सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 30 अप्रैल और 1 मई को भी झारखंड में मौसम इसी तरह का बना रहेगा, जहां बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, रांची, हजारीबाग, बोकारो, जमशेदपुर, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा जिलों में 27 अप्रैल की रात से लेकर 30 अप्रैल तक मौसम बिगड़ने की आशंका है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी है।

राज्य में जारी इस मौसम चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो लोगों को सतर्क रहने का संकेत देता है। खासकर किसानों और खुले क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजधानी रांची में बढ़ा पारा, लेकिन जल्द आएगी राहत

रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। दिनभर चिलचिलाती धूप के कारण लोग बेहाल रहे, लेकिन शनिवार से मौसम में बदलाव की संभावना है। शनिवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि रविवार से गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

टर्फलाइन बनी बिगड़ते मौसम की वजह

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का कारण बंगाल की खाड़ी से लेकर सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किमी ऊपर एक टर्फलाइन का बनना है। यह टर्फलाइन झारखंड के ऊपर से गुजर रही है, जिससे राज्य के कई जिलों में नमी बढ़ गई है और वातावरण अस्थिर हो गया है।मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, दक्षिणी और उत्तरी झारखंड में गर्म हवा चलने की संभावना है और ह्यूमिडिटी (उमस) भी बनी रहेगी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ वज्रपात हो सकता है, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकता है।

Leave a comment