उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिल्ली-एनसीआर में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई हैं।
मौसम: उत्तर भारत के कई राज्यों में मार्च के मध्य तक आते-आते मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिल्ली-एनसीआर में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान और झारखंड में अगले कुछ दिनों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में चढ़ा पारा
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। मंगलवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। दिन के समय पारा 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया है कि आगामी दिनों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 130 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता हैं।
उत्तर प्रदेश में 21-22 मार्च को बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 और 22 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 19 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना हैं।
राजस्थान के कई जिलों में बारिश के संकेत
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हनुमानगढ़ और गंगानगर में 19 मार्च को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च को राज्य के 12 से अधिक जिलों में भी बारिश के आसार हैं। बीते दिनों हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली हैं।
मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला
मध्य प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। भोपाल समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल में सुबह और शाम को ठंडी हवाएं चलने से हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना हैं।
झारखंड में मौसम विभाग ने 20 और 21 मार्च के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के 16 जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है। रांची और आसपास के इलाकों में भी बारिश और ओलावृष्टि होने के आसार हैं।