दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। जहां सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, वहीं दिन में तेज धूप से गर्मी का अहसास हो रहा हैं।
मौसम: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। जहां सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, वहीं दिन में तेज धूप से गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का प्रभाव मैदानी इलाकों में भी साफ दिख रहा हैं।
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। 8 मार्च तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। होली के आसपास गर्मी और बढ़ सकती हैं।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं से पारा लुढ़का
राजस्थान में उत्तरी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट देखी गई। बीते 24 घंटों में फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में भी तापमान 13.4 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, 7-8 मार्च के बाद राज्य में तापमान में वृद्धि होने लगेगी। यूपी में पछुआ हवाओं ने एक बार फिर ठंड का अहसास करा दिया है। 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं से तापमान में हल्की गिरावट आई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में धूप तेज होने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और होली तक गर्मी का असर बढ़ जाएगा।
कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम समेत कई इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मनाली में भी मार्च की शुरुआत में ही बर्फबारी देखने को मिली, जिससे वहां का नजारा बेहद खुशनुमा हो गया हैं।
दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज अलग है। तमिलनाडु में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। चेन्नई समेत कई इलाकों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोग लू से प्रभावित हो सकते हैं।
उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक दिन में गर्मी और रात में ठंडक बनी रहेगी। दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी रहेगी। तमिलनाडु और दक्षिण भारत में गर्मी का असर तेज होता जाएगा।