दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश का असर मैदानी इलाकों में साफ देखा जा सकता हैं।
मौसम: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश का असर मैदानी इलाकों में साफ देखा जा सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास करा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक तापमान में हल्की गिरावट और हवा की गति में वृद्धि देखी जा सकती हैं।
दिल्ली-NCR में तापमान में गिरावट, ठंडी हवाओं का असर
दिल्ली-एनसीआर में 3 मार्च को बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंडक बरकरार रहेगी। 6 मार्च को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती हैं।
कश्मीर में बर्फबारी, हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में इस समय भारी बर्फबारी हो रही है। कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और कुपवाड़ा में ताजा बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। उत्तराखंड में भी बदरीनाथ, केदारनाथ और औली जैसे इलाकों में हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए इन इलाकों में और अधिक बर्फबारी की संभावना जताई हैं।
यूपी-बिहार में तापमान का उतार-चढ़ाव
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन हवाओं के बदलते मिजाज के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर देखा जा सकता है। दिन के समय धूप तेज होगी, लेकिन शाम को ठंडी हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने 6 और 7 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। बिहार में दिन के समय तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे गर्मी का अहसास होने लगा है। हालांकि, 8 और 9 मार्च को बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे मौसम थोड़ा ठंडा हो सकता हैं।
राजस्थान में ठंडी हवा, झारखंड में बढ़ेगा तापमान
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी बादल छा रहे हैं तो कभी तेज धूप निकल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 मार्च को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी, लेकिन इसके बाद 7 मार्च से गर्मी तेज होने लगेगी। पश्चिमी राजस्थान में तेज धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं।
झारखंड में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास होगा। हालांकि, यह राहत अधिक समय तक नहीं रहेगी और 7 मार्च के बाद तापमान फिर से बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान बारिश की संभावना नहीं हैं।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है, जिसका प्रभाव मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। हालांकि, मार्च के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।
जो लोग सोच रहे थे कि ठंड पूरी तरह खत्म हो गई है, उन्हें अभी और कुछ दिन इंतजार करना होगा। उत्तर भारत में मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए राहत भरा भी है और चुनौतियां भी लेकर आ सकता हैं।