मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मैच में 24 वर्षीय विग्नेश पुथुर पर भरोसा जताते हुए उन्हें रोहित शर्मा की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आईपीएल डेब्यू करने का मौका दिया। यह युवा गेंदबाज टीम के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने एक ऐसे अनजान खिलाड़ी को मौका दिया, जिसने अपने पहले ही मैच में तहलका मचा दिया। 24 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में तीन बड़े विकेट झटककर सुर्खियां बटोरीं। पुथुर को मुंबई इंडियंस ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया, और उन्होंने इस फैसले को सही साबित किया।
विग्नेश पुथुर का कहर
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने रोहित शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बाहर कर विग्नेश पुथुर को मौका दिया, और यह दांव टीम के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। पुथुर ने आते ही अपने पहले ओवर में CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को शानदार गेंद पर पवेलियन भेजा। इसके बाद, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा को भी अपने फिरकी के जाल में फंसाकर मुंबई को मजबूत स्थिति में ला दिया।
विग्नेश पुथुर का प्रदर्शन
ओवर: 4
रन: 32
विकेट: 3
कौन हैं विग्नेश पुथुर?
केरल के मलप्पुरम से ताल्लुक रखने वाले विग्नेश पुथुर का सफर संघर्ष से भरा रहा है। उनके पिता एक ऑटो रिक्शा चालक हैं, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनकी दीवानगी ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। मात्र 11 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू करने वाले पुथुर को मुंबई इंडियंस के स्काउट्स ने खोजा और ट्रायल के बाद उन्हें आईपीएल 2025 के लिए 30 लाख रुपये में साइन किया गया।
दिलचस्प बात यह है कि विग्नेश पुथुर अभी तक घरेलू क्रिकेट में केरल का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाए हैं, लेकिन मुंबई इंडियंस की खोजी नजरों ने उन्हें आईपीएल तक पहुंचा दिया।
मुंबई का मास्टरस्ट्रोक
मुंबई इंडियंस ने इम्पैक्ट प्लेयर रूल का बखूबी इस्तेमाल करते हुए रोहित शर्मा को बाहर बैठाकर विग्नेश पुथुर को मौका दिया, और इस युवा स्पिनर ने अपने पहले ही मैच में शानदार गेंदबाजी करके खुद को साबित कर दिया। उनकी इस प्रदर्शन ने आईपीएल 2025 में एक नई सनसनी पैदा कर दी है, और अब सभी की नजरें इस युवा स्पिनर पर टिकी रहेंगी।