सुनीता विलियम्स और विल्मोर को नहीं मिलेगा ‘ओवरटाइम’ वेतन, जानें क्या हैं नासा का नियम

सुनीता विलियम्स और विल्मोर को नहीं मिलेगा ‘ओवरटाइम’ वेतन, जानें क्या हैं नासा का नियम
अंतिम अपडेट: 5 घंटा पहले

भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर तय समय से 278 दिन अधिक बिताए, लेकिन उन्हें इसके लिए कोई अतिरिक्त वेतन या ओवरटाइम भत्ता नहीं मिलेगा।

नई दिल्ली: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर तय समय से 278 दिन अधिक बिताए, लेकिन उन्हें इसके लिए कोई अतिरिक्त वेतन या ओवरटाइम भत्ता नहीं दिया जाएगा। नासा ने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को उनके अप्रत्याशित रूप से बढ़े हुए प्रवास के बावजूद किसी भी प्रकार की अतिरिक्त आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी।

नासा के नियम 

अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, नासा के नियमों के तहत अंतरिक्ष यात्री संघीय कर्मचारी माने जाते हैं और उनकी अंतरिक्ष यात्रा को एक आधिकारिक कार्य यात्रा (Official Duty Travel) के रूप में गिना जाता है। यही कारण है कि उन्हें किसी अन्य सरकारी कर्मचारी की तरह ही सामान्य भत्ता दिया जाता है। "अंतरिक्ष में रहने के दौरान, अंतरिक्ष यात्री नासा के संघीय कर्मचारियों के रूप में कार्य कर रहे होते हैं। उनके रहने, खाने और यात्रा के खर्चों का वहन नासा द्वारा किया जाता है, लेकिन ओवरटाइम, छुट्टी या सप्ताहांत का वेतन नहीं दिया जाता।"

नासा के नियमों के अनुसार, अंतरिक्ष यात्रियों को कार्य यात्रा पर भेजे जाने पर प्रतिदिन मात्र पांच डॉलर का आकस्मिक भत्ता मिलता है। इस हिसाब से सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को 286 दिनों के बदले कुल 1,430 डॉलर (लगभग 1.19 लाख रुपये) का अतिरिक्त भुगतान मिला। हालांकि, यह राशि बेहद मामूली है, क्योंकि आमतौर पर यह भत्ता कुलियों, सामान वाहकों, होटल कर्मचारियों और अन्य सेवा प्रदाताओं को टिप देने के लिए होता है। अब सवाल उठता है कि पृथ्वी से 250 मील ऊपर अंतरिक्ष में उन्होंने इस राशि को किस प्रकार खर्च किया होगा।

अंतरिक्ष में रहने को कठिनाई नहीं, बल्कि रोमांच मानती हैं सुनीता

जहां एक ओर अधिकांश लोग इतने लंबे समय तक अपने कार्यस्थल से दूर रहने को एक चुनौती के रूप में देख सकते हैं, वहीं सुनीता विलियम्स ने इसे एक सुखद अनुभव बताया। उन्होंने सितंबर में पत्रकारों से कहा था, "अंतरिक्ष मेरी खुशी की जगह है। मुझे यहां रहना बहुत पसंद है। यह मज़ेदार और रोमांचक है!" अंतरिक्ष यात्रा अपने आप में जोखिमभरा और मानसिक रूप से थकाने वाला कार्य हैं।

ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या नासा को अपने अंतरिक्ष यात्रियों के लिए अधिक लचीली वेतन नीति लागू करनी चाहिए? वर्तमान नियमों के तहत, अंतरिक्ष यात्री अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह ही माने जाते हैं, लेकिन उनकी चुनौतियां, कार्य की जटिलता और जोखिम कहीं अधिक होते हैं।

Leave a comment