Bihar: सीएम नीतीश ने की बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद, बैंक खातों में 225.25 करोड़ रुपये का किया ट्रांसफर

Bihar: सीएम नीतीश ने की बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद, बैंक खातों में 225.25 करोड़ रुपये का किया ट्रांसफर
Last Updated: 5 घंटा पहले

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित 3.21 लाख परिवारों के खातों में 225.25 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए प्रदान की है। इस सहायता राशि का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देना है।

Bihar Flood Relief News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को प्रदेश के 18 जिलों के बाढ़ प्रभावित 3.21 लाख परिवारों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 225.25 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि अंतरित की। यह अनुग्रह राशि उन परिवारों को सहायता देने के उद्देश्य से प्रदान की गई, जो हालिया बाढ़ से प्रभावित हुए थे।

यह राशि द्वितीय चरण के तहत अंतरित की गई है, और पटना के एक अणे मार्ग स्थित संकल्प भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस योजना को आगे बढ़ाया।

532.22 करोड़ रुपये की राशि प्रदान

बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कार्यों के तहत राज्य सरकार ने पहले और दूसरे चरण में कुल 532.22 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रदान की है। पहले चरण में 4.38 लाख परिवारों के खाते में 306.97 करोड़ रुपये अंतरित किए गए थे, जबकि दूसरे चरण में 3.21 लाख परिवारों को 225.25 करोड़ रुपये दिए गए। इन दोनों चरणों के माध्यम से कुल 7.60 लाख परिवारों को यह सहायता राशि पहुंचाई गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला ने एक बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप राहत कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की ओर से प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है, जिसमें तत्काल राहत, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।

बढ़ प्रभावित लोगों के खाते में ट्रांसफर किए पैसे

कृषि विभाग के विशेष सचिव वीरेन्द्र प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि बाढ़ के कारण फसलों के नुकसान के आकलन के बाद 490 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि निर्धारित की गई है। इसमें से प्रथम चरण के लिए 229 करोड़ रुपये की राशि विभाग को प्राप्त हो गई है और यह जल्द ही प्रभावित किसानों के खातों में भेजी जाएगी।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनकी सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

सीएम ने अधिकारीयों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित किसानों की फसल क्षति की राशि को दीपावली से पहले उनके खातों में अवश्य जमा कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तरह तत्पर है और उनकी सहायता में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

इस बैठक में मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, आपदा प्रबंधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदय कांत मिश्रा और सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment
 

ट्रेंडिंग News