मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली। आरोपी पूर्व कांग्रेसी नेता मुकेश दरबार है। पुलिस में शिकायत दर्ज, समर्थक कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
MP News: मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री और हरसूद से विधायक डॉ. विजय शाह को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है और उनके समर्थक कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
धमकी देने का आरोप क्षेत्र के एक आदिवासी और पूर्व कांग्रेसी नेता मुकेश दरबार पर लगा है। जैसे ही यह खबर फैली, खालवा और हरसूद क्षेत्र के भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मंत्री के जोगीबेड़ा स्थित वेयरहाउस पर एकत्रित होने लगे। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरसूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही मंत्री विजय शाह और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पहले भी दे चुका है धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब मुकेश दरबार ने विजय शाह के खिलाफ विवादित बयान दिया हो। इससे पहले भी वह मंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर चुका है।
जिला पंचायत चुनाव के दौरान भी उसने विजय शाह और उनके बेटे दिव्यदित्य शाह के खिलाफ विवादास्पद बयान दिए थे।
इस मामले में पहले भी आरोपी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया गया था और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।