PM Modi: एक दिन और तीन राज्य, पीएम मोदी का ताबड़तोड़ दौरा, निवेश-किसानों और सांस्कृतिक विरासत को दिया बढ़ावा

🎧 Listen in Audio
0:00

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ही दिन में मध्य प्रदेश, बिहार और असम का दौरा कर विकास की नई गति को मजबूत किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने निवेश से लेकर किसानों की आर्थिक मजबूती और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने तक कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 24 फरवरी 2025 को एक ही दिन में तीन राज्यों मध्य प्रदेश, बिहार और असम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया, जिससे देश के विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रोत्साहन मिला। प्रधानमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से की, जहां उन्होंने 'इन्वेस्ट मध्य प्रदेश' ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन किया। 

भोपाल: 'इंवेस्ट मध्य प्रदेश' से विकास की नई राह

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 'इंवेस्ट मध्य प्रदेश' समिट के उद्घाटन से की। इस वैश्विक निवेश सम्मेलन में उन्होंने 18 नई नीतियों का अनावरण किया, जो राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देंगी। पीएम ने टेक्सटाइल, टूरिज्म और टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में भारी निवेश की संभावनाओं का उल्लेख किया, जिससे लाखों नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "भारत का यह स्वर्ण युग है, जब पूरी दुनिया हमारी क्षमताओं को पहचान रही है और निवेश के लिए भारत को प्राथमिकता दे रही है।"

पटना: किसानों को सौगात, 22,000 करोड़ रुपये की सम्मान निधि जारी

मध्य प्रदेश के बाद पीएम मोदी बिहार पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत करीब 22,000 करोड़ रुपये सीधे 9.8 करोड़ किसानों के खातों में भेजे गए। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान किसानों की समस्याओं को हल करने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है। इस दौरान उन्होंने मखाना किसानों के लिए विशेष बोर्ड बनाने की भी घोषणा की, जिससे इस क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

गुवाहाटी: असम की संस्कृति का उत्सव और महिला सशक्तिकरण पर जोर

असम पहुंचने पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने असम की सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देते हुए 9,000 कलाकारों द्वारा झुमोइर बिनंदिनी नृत्य प्रदर्शन का अवलोकन किया। साथ ही, उन्होंने चाय बागान श्रमिकों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया। गर्भवती महिलाओं के लिए सरकार की पहल के तहत 15 लाख से अधिक महिलाओं को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, जिससे उन्हें गर्भावस्था के दौरान आर्थिक संकट से बचाया जा सके।

तीन राज्यों की यात्रा, तीन बड़े संदेश

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा ने स्पष्ट संकेत दिया कि उनकी सरकार औद्योगिक निवेश, किसानों की आर्थिक सुरक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। एक ही दिन में तीन राज्यों में यात्रा कर उन्होंने विकास कार्यों की गति को और तेज करने का संदेश दिया हैं।

Leave a comment