दिग्गज फिल्ममेकर वी. शांताराम की बायोपिक फिल्म से सिद्धांत चतुर्वेदी के बाद अब अभिनेत्री तमन्ना भाटिया की भी पहली झलक सामने आ गई है। मेकर्स ने तमन्ना भाटिया का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह जयश्री के किरदार में नजर आ रही हैं।
Tamannaah Bhatia’s Look: भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर वी. शांताराम की बायोपिक फिल्म से अब तमन्ना भाटिया का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। फिल्म के पहले लुक पोस्टर में तमन्ना भाटिया का विंटेज अंदाज देखने को मिल रहा है। वह फिल्म में जयश्री नाम के किरदार में नजर आएंगी। इस किरदार को मेकर्स ने एक ऐसे महिला सिनेमा स्टार के रूप में पेश किया है, जिसने अपने समय में सिनेमा की दुनिया पर गहरा प्रभाव डाला।
तमन्ना भाटिया का लुक
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, जयश्री- एक दौर की स्टार। लीगेसी के पीछे की ताकत। इतिहास में वापसी का एक अध्याय। पोस्टर में तमन्ना बेबी पिंक रंग की साड़ी में दिख रही हैं। उनका विंटेज अंदाज और पारंपरिक मेकअप उन्हें पुराने जमाने की अभिनेत्रियों जैसा रूप दे रहा है। पोस्टर के बैकग्राउंड में हरा पर्दा और घास का सेट दिख रहा है, जो संभवतः फिल्म के किसी पुराने सेट का प्रतीक है। तमन्ना का यह लुक दर्शकों को जयश्री के किरदार की कहानी और समय के साथ जुड़े ऐतिहासिक संदर्भ से रूबरू कराता है।
तमन्ना भाटिया फिल्म में जयश्री का किरदार निभा रही हैं, जो वी. शांताराम की फिल्मों में एक महत्वपूर्ण महिला किरदार थी। जयश्री का किरदार केवल स्क्रीन पर नहीं बल्कि फिल्म उद्योग में उस दौर की महिला कलाकारों की संघर्ष और उपलब्धियों का प्रतीक है। फिल्म में उनके किरदार को एक मजबूत, प्रेरणादायक और विलक्षण महिला के रूप में पेश किया गया है, जो अपने समय में समाज और सिनेमा दोनों में बदलाव लाने में योगदान करती थीं।
![]()
सिद्धांत चतुर्वेदी वी. शांताराम बनेंगे
तमन्ना के पोस्टर के कुछ दिनों पहले ही फिल्म से सिद्धांत चतुर्वेदी का फर्स्ट लुक सामने आया था। सिद्धांत फिल्म में वी. शांताराम के किरदार में नजर आएंगे। उनके पोस्टर में वह धोती-कुर्ती और कोट, सिर पर टोपी पहन कर बड़े कैमरे के साथ खड़े हैं। उनका इंटेंस लुक दर्शकों को फिल्म के गंभीर और प्रेरक स्वरूप से रूबरू कराता है।
मेकर्स ने सिद्धांत के लुक के बारे में लिखा था, भारतीय सिनेमा को नया रूप देने वाला रिबेल अब वहीं लौट आया है, जहां उसे होना चाहिए था – बड़े पर्दे पर। फिल्म का निर्देशन अभिजीत शिरीष देशपांडे कर रहे हैं।
वी. शांताराम: भारतीय सिनेमा का पहला बागी
वी. शांताराम भारतीय सिनेमा के उन दिग्गजों में गिने जाते हैं, जिन्होंने मूक सिनेमा के दौर से लेकर रंगीन फिल्मों तक का सफर तय किया। उन्होंने सिनेमा में न केवल मनोरंजन बल्कि समाज के वास्तविक मुद्दों और बदलाव को भी प्रदर्शित किया। यही कारण है कि उन्हें भारतीय सिनेमा का "पहला बागी (रिबेल)" कहा जाता है।
उनकी फिल्मों में हमेशा अलग तरह का सिनेमाई दृष्टिकोण, सामाजिक संदेश और क्रांतिकारी विचार देखने को मिलते थे। उनका उद्देश्य केवल कहानी सुनाना नहीं था, बल्कि दर्शकों को सोचने और बदलने के लिए प्रेरित करना था।








