18 साल की नौकरी के बाद नौकर ने की 65 लाख की चोरी, पत्नी संग रची साजिश

झांसी में 18 साल से काम कर रहे कर्मचारी ने तिजोरी से 65 लाख के गहने और 3.10 लाख नकद चुराए। पत्नी संग साजिश, CCTV से खुलासा।
18 साल की नौकरी के बाद नौकर ने की 65 लाख की चोरी, पत्नी संग रची साजिश

झांसी में एक ज्वेलरी शॉप पर लंबे समय से काम कर रहे युवक ने मालिक की तिजोरी से करीब 65 लाख रुपए के गहने और 3.10 लाख रुपए नकद चुरा लिए। उसने चोरी का सामान अपनी पत्नी को सौंप दिया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने पूरा राज खोल दिया।

Uttar pradesh: झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महाराजपुरा निवासी अनिल कुमार साहू सर्राफा व्यापारी हैं। उनकी एक दुकान घर पर और दूसरी सीपरी बाजार में है। उनके यहां सुनील अहिरवार नाम का युवक करीब 18 साल से काम कर रहा था। लंबे समय से नौकरी करने के कारण परिवार को उस पर पूरा भरोसा था।

3 फरवरी को अनिल कुमार फार्महाउस गए हुए थे और उनका बेटा बाजार वाली दुकान पर था। घर में उनकी पत्नी ऊपर के कमरे में थीं। इसी दौरान अनिल तिजोरी की चाबी घर पर ही भूल गए। जब वे वापस लौटे तो देखा कि तिजोरी में चाबी लगी हुई है। उन्हें शक हुआ तो तिजोरी खोलकर देखा। अंदर रखे करीब 65 लाख रुपए के गहने और 3 लाख 10 हजार 700 रुपए नकद गायब थे।

पहले किसी को समझ नहीं आया कि चोरी कैसे हुई। सुनील घर पर ही मौजूद था, इसलिए उस पर तुरंत शक नहीं हुआ। बाद में 11 फरवरी को अनिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की जांच में पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में 3 फरवरी की शाम 5 बजकर 35 मिनट 55 सेकेंड पर एक महिला को तेजी से घर की ओर जाते देखा गया। ठीक 1 मिनट 27 सेकेंड बाद, यानी 5 बजकर 37 मिनट 22 सेकेंड पर वही महिला वापस लौटती दिखाई दी।

18 साल की नौकरी के बाद नौकर ने की 65 लाख की चोरी, पत्नी संग रची साजिश

वीडियो में महिला शॉल के अंदर कुछ छिपाती नजर आई। जब फुटेज दुकानदार को दिखाया गया तो उन्होंने महिला की पहचान अपने नौकर सुनील की पत्नी प्रीति के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने सुनील और उसकी पत्नी से सख्ती से पूछताछ की।

'बड़ा आदमी बनना चाहता था' - आरोपी का कबूलनामा

पूछताछ में सुनील ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि तिजोरी की चाबी देखकर उसके मन में लालच आ गया। वह जल्दी अमीर बनना चाहता था। उसे लगा कि अगर वह खुद गहने लेकर भागेगा तो तुरंत पकड़ा जाएगा, इसलिए उसने योजना बनाई।

सुनील ने अपनी पत्नी को फोन कर घर के पीछे बुलाया। उसने तिजोरी से गहने और नकदी निकालकर छत से नीचे फेंक दिए। उसकी पत्नी ने सारा सामान शॉल में छुपा लिया और घर ले जाकर पंखों के कवर व अन्य जगहों पर छिपा दिया। खुद सुनील घर पर ही मौजूद रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई। दोनों ने चोरी कबूल कर ली और पुलिस ने पूरे गहने और नकदी बरामद कर लिए।

पुलिस ने किया माल बरामद

सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी। शुरू में तिजोरी का लॉक खुला होने के कारण सुनील पर शक हुआ, लेकिन उसके इंकार करने पर पुलिस ने तकनीकी जांच का सहारा लिया। आखिरकार CCTV फुटेज ने पूरा मामला साफ कर दिया। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment