Mahatma Jyotiba Phule Punyatithi 2026: महिला शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि, जानें उनका जीवन और संघर्ष

महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि 28 नवंबर 2026 को है। जानें उनके जीवन, महिला शिक्षा में योगदान,सत्यशोधक समाज की स्थापना और सामाजिक सुधारों के बारे में।
Mahatma Jyotiba Phule Punyatithi 2026: महिला शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि, जानें उनका जीवन और संघर्ष

महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि हर साल 28 नवंबर को मनाई जाती है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके प्रयासों ने भारतीय समाज में बदलाव की नींव रखी।

Mahatma Jyotiba Phule Punyatithi 2026: जिस दौर में लड़कियों का स्कूल जाना भी समाज के एक बड़े वर्ग को स्वीकार नहीं था, उस समय महात्मा ज्योतिबा फुले ने महिला शिक्षा की पहल की। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर लड़कियों के लिए स्कूल खोला। जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी उन्होंने आवाज उठाई। 28 नवंबर 2026 को उनकी 136वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर जानते हैं उनके जीवन और समाज सुधार से जुड़े कार्यों के बारे में।

मुश्किलों के बीच पूरी की अपनी पढ़ाई

महाराष्ट्र में 11 अप्रैल 1827 को ज्योतिराव गोविंदराव फुले का जन्म हुआ था। आगे चलकर लोग उन्हें महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से जानने लगे। उनके घर में फूलों का कारोबार होता था। छोटी उम्र में ही ज्योतिबा ने अपनी मां को खो दिया था।

Mahatma Jyotiba Phule Punyatithi 2026: महिला शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि, जानें उनका जीवन और संघर्ष

उस समय जाति के कारण बच्चों को स्कूलों में दाखिला तक नहीं मिल पाता था। ज्योतिबा को भी पढ़ाई के दौरान कई तरह की परेशानियों से गुजरना पड़ा। तमाम रुकावटों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और 1847 में माध्यमिक शिक्षा पूरी की।

पत्नी के साथ मिलकर शुरू की लड़कियों की पढ़ाई

ज्योतिबा फुले ने महिला शिक्षा की शुरुआत अपने घर से की थी। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई को पढ़ाया। सावित्रीबाई ने आगे चलकर बच्चों को पढ़ाने का प्रशिक्षण लिया।

1848 में दोनों ने पुणे के भिड़े वाड़ा में बच्चियों के लिए स्कूल खोला। उस जमाने में लड़कियों का घर से निकलकर पढ़ने जाना बड़ी बात थी। फुले दंपति को इसके लिए लोगों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी। सावित्रीबाई को स्कूल जाते वक्त रास्ते में अपमानित किया जाता था। इसके बाद भी वह बच्चियों को पढ़ाने के लिए स्कूल जाती रहीं।

समाज की पुरानी कुरीतियों के खिलाफ उठाई आवाज

24 सितंबर 1873 को ज्योतिबा फुले ने सत्यशोधक समाज बनाया। इसके जरिए उन्होंने जाति के कारण भेदभाव झेल रहे लोगों के हक की बात उठाई।

शादी-ब्याह की महंगी रस्मों के भी फुले विरोधी थे। उनका मानना था कि विवाह के नाम पर गरीब परिवारों पर कर्ज का बोझ नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने बिना दिखावे के शादी करने पर जोर दिया। खेती करने वाले किसानों और मजदूरों की समस्याओं को भी उन्होंने अपने लेखन में जगह दी।

फुले की लिखी किताबों में 'गुलामगिरी' का विशेष स्थान है। इसमें उन्होंने जाति व्यवस्था और उसके कारण होने वाले शोषण पर सवाल उठाए। किसानों के हालात पर उन्होंने मराठी भाषा में 'शेतकऱ्याचा आसूड' नाम की किताब लिखी।

63 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

28 नवंबर 1890 को पुणे में ज्योतिबा फुले का निधन हो गया। उनके जाने के बाद सावित्रीबाई ने उन कामों को आगे बढ़ाया, जिनकी शुरुआत दोनों ने मिलकर की थी।

हर साल 28 नवंबर को लोग ज्योतिबा फुले को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हैं। जिस दौर में बेटियों की पढ़ाई को लेकर इतनी पाबंदियां थीं, उस समय उन्होंने लड़कियों के लिए स्कूल खोलने का साहस दिखाया। उन्होंने अपना जीवन उन लोगों की शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई में बिताया, जिन्हें लंबे समय तक समाज में बराबरी का दर्जा नहीं मिला था।

Leave a comment