JEE Main 2026 के अंतिम सप्ताह में छात्रों के लिए मॉक टेस्ट, रिवीजन और रणनीतिक प्रश्न चयन बेहद महत्वपूर्ण हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, फुल-लेंथ मॉक टेस्ट, पुराने नोट्स का अभ्यास और समय प्रबंधन पर ध्यान देने से परीक्षा में बेहतर अंक हासिल किए जा सकते हैं। स्वास्थ्य, मानसिक तैयारी और सटीकता भी सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं।
JEE Main 2026 Last Week Preparation Tips: परीक्षा के अंतिम दो सप्ताह में छात्रों को मॉक टेस्ट, रिवीजन और कमजोर विषयों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। विशेषज्ञों का सुझाव है कि हफ्ते में 4–5 फुल-लेंथ मॉक टेस्ट दें, पुराने नोट्स का अभ्यास करें और प्रश्न हल करने की रणनीति अपनाएं। यह तरीका छात्रों को समय प्रबंधन, सटीकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करेगा, जिससे वे बेहतर अंक प्राप्त कर सकेंगे।
मॉक टेस्ट से बनाएं परीक्षा की तैयारी मजबूत
अंतिम दिनों में मॉक टेस्ट देना अत्यंत जरूरी है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि छात्रों को हफ्ते में कम से कम 4–5 फुल-लेंथ मॉक टेस्ट देने चाहिए। इसे उसी समय करना चाहिए जिस समय वास्तविक परीक्षा होगी, ताकि शरीर और दिमाग दोनों उसी समय के अनुसार तैयार रहें।
मॉक टेस्ट के बाद विश्लेषण करना भी जरूरी है। गलतियों के कारण जैसे कॉन्सेप्ट की कमी, काउंटिंग में गलती, प्रश्न को सही समझ न पाना या समय का गलत प्रबंधन पहचानकर सुधार किया जा सकता है। यह अभ्यास छात्रों को परीक्षा में समय प्रबंधन और सटीक उत्तर देने में मदद करता है।
![]()
रिवीजन रणनीति और संसाधनों का चयन
अंतिम सप्ताह में नए टॉपिक या किताबों को शुरू करने से बचें। छात्रों को केवल उन्हीं नोट्स और किताबों का इस्तेमाल करना चाहिए, जिनसे वे पहले पढ़ चुके हैं। विशेष रूप से अपने नोट्स में लिखे महत्वपूर्ण सूत्र, बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्न और शॉर्टकट ट्रिक्स का अभ्यास फायदेमंद होता है।
रिवीजन के दौरान कठिन टॉपिक को फिर से समझना और प्रमुख सूत्रों को दोहराना जरूरी है। यह तैयारी परीक्षा में सवालों को हल करने की गति और सटीकता दोनों बढ़ाती है।
विषय-वार तैयारी और रणनीति
- गणित (Mathematics): मैथ्स में लंबे और जटिल सवालों से घबराएँ नहीं। आसान सवालों को पहले हल करें, इससे समय बचेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
- रसायन विज्ञान (Chemistry): एनसीईआरटी की किताबें और उनके उदाहरण पढ़ें। रिएक्शन और महत्वपूर्ण कॉन्सेप्ट को अंतिम दिनों में दोहराएं।
- भौतिकी (Physics): कॉन्सेप्ट की स्पष्ट समझ जरूरी है। मैकेनिक्स और मॉडर्न फिजिक्स पर ध्यान दें और प्रमुख सूत्रों का प्रयोग समझें।
परीक्षा में प्रश्न चुनने की रणनीति
छात्रों को सवाल हल करने का क्रम तय करना चाहिए। पहले आसान और सीधे सवाल हल करें, फिर मध्यम कठिनाई वाले, और अंत में कठिन सवाल यदि समय बचे। इस रणनीति से आसान अंक खोने का जोखिम कम होता है और समय प्रबंधन बेहतर होता है।
स्वास्थ्य, मानसिक तैयारी और सटीकता
अंतिम दिनों में नींद, संतुलित भोजन और पर्याप्त पानी लेना जरूरी है। रोज कुछ मिनट सकारात्मक सोच के लिए निकालें और खुद से कहें कि “मैं तैयार हूं, मैं शांत और आत्मविश्वास के साथ प्रश्न हल करूंगा।
नेगेटिव मार्किंग को ध्यान में रखते हुए कम लेकिन सही प्रयास करने की रणनीति अपनाएं। कठिन या उलझे प्रश्नों को छोड़ दें और गणना को दोबारा जांचें।










