बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 10वीं और 12वीं की सेंटअप परीक्षा 2027 का टाइमटेबल जारी कर दिया है। इंटर की परीक्षा 19 नवंबर और मैट्रिक की 23 नवंबर 2026 से शुरू होगी। दोनों कक्षाओं के पेपर दो शिफ्ट में होंगे।
पटना: बिहार बोर्ड से साल 2027 में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने Bihar Board Sent Up Exam 2027 की डेटशीट घोषित कर दी है। कक्षा 12वीं की परीक्षा गुरुवार, 19 नवंबर से शुरू होगी, जबकि 10वीं के छात्रों की परीक्षा 23 नवंबर से आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने दोनों कक्षाओं के लिए विषयवार परीक्षा कार्यक्रम और शिफ्ट का समय निर्धारित किया है।
बिहार बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा कब से होगी?
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सेंटअप परीक्षा का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षा 19 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेगी। वहीं, मैट्रिक के छात्रों की परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होकर 27 नवंबर को समाप्त होगी।
परीक्षा की तारीखें घोषित होने के बाद स्कूलों और कॉलेजों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। छात्रों को अपने विषयों के अनुसार परीक्षा की तारीख और समय की जानकारी रखना जरूरी है, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी तरह की परेशानी न हो।
![]()
सेंटअप परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होती है, जो अगले साल बिहार बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। इस परीक्षा के जरिए छात्रों की तैयारी का आकलन किया जाता है। इसलिए विद्यार्थियों को इसे गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है।
कक्षा 12वीं के छात्रों की परीक्षा पहले शुरू होगी। ऐसे में इंटर के विद्यार्थियों के पास तैयारी के लिए अब बहुत कम समय बचा है। वहीं, दसवीं के छात्र अपने बचे हुए दिनों में मुख्य विषयों का रिवीजन कर सकते हैं।
पहले दिन किन विषयों की होगी परीक्षा?
बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। पहले दिन सुबह की पाली में फिजिक्स, दर्शनशास्त्र और उद्यमिता के पेपर होंगे। दोपहर की पाली में राजनीति विज्ञान, अकाउंटेंसी और केमिस्ट्री की परीक्षा ली जाएगी। आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के विद्यार्थियों को अपने-अपने विषय के हिसाब से परीक्षा देनी होगी।
बोर्ड ने तीनों संकाय के लिए परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। छात्र अपने स्कूल से भी विषयवार टाइम टेबल की जानकारी ले सकते हैं, ताकि किसी पेपर की तारीख को लेकर परेशानी न हो।
वहीं, मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी। पहले दिन सुबह 9:30 बजे मातृभाषा का पेपर रखा गया है। इसमें हिंदी, उर्दू, बंगला और मैथिली के छात्र शामिल होंगे। दोपहर में दूसरी भारतीय भाषा की परीक्षा होगी। इसके तहत संस्कृत, हिंदी, अरबी, फारसी और भोजपुरी के पेपर लिए जाएंगे। जिस छात्र ने जिस भाषा का चुनाव किया है, उसे उसी विषय की परीक्षा देनी होगी।
लिखित परीक्षा के अलावा प्रैक्टिकल की तारीखें भी तय कर दी गई हैं। दसवीं के छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को होगी। इंटर के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल 30 नवंबर से शुरू होकर 2 दिसंबर 2026 तक चलेंगे। जिन छात्रों के विषय में प्रैक्टिकल शामिल है, वे अपने स्कूल से इसकी पूरी जानकारी जरूर ले लें।
सुबह और दोपहर की पाली में होंगे पेपर
बिहार बोर्ड ने सेंटअप परीक्षा के लिए दो शिफ्ट तय की हैं। सुबह की पाली 9:30 बजे शुरू होगी और दोपहर 12:45 बजे खत्म होगी। इसके बाद दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
छात्रों को खास तौर पर परीक्षा के समय का ध्यान रखना होगा। कई बार पेपर का समय या विषय ठीक से नहीं देखने के कारण परेशानी हो जाती है। इससे बचने के लिए परीक्षा से एक दिन पहले अपने अगले पेपर की तारीख और शिफ्ट जरूर देख लें।
परीक्षा वाले दिन स्कूल थोड़ा पहले पहुंचना बेहतर रहेगा। घर से निकलने से पहले पेन और दूसरी जरूरी चीजें रख लें। अगर स्कूल की ओर से कोई दस्तावेज लाने को कहा गया है, तो उसे भी साथ लेकर जाएं।
सेंटअप परीक्षा की तैयारी में इन बातों का रखें ध्यान
सेंटअप परीक्षा शुरू होने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। ऐसे में छात्रों को नए अध्याय पढ़ने के बजाय अब तक पढ़े हुए टॉपिक्स को दोहराने पर ध्यान देना चाहिए। जिन विषयों में परेशानी आ रही है, उनके महत्वपूर्ण सवालों का अभ्यास किया जा सकता है।
पिछले साल के प्रश्नपत्र हल करना भी फायदेमंद रहेगा। इससे यह समझने में आसानी होगी कि किस तरह के सवाल पूछे जाते हैं और जवाब लिखने में कितना समय लग रहा है। खासकर गणित, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में लिखकर अभ्यास करना जरूरी है।
आर्ट्स और कॉमर्स के विद्यार्थी भी अपने मुख्य विषयों के जरूरी प्रश्नों को दोहरा सकते हैं। लंबे उत्तर लिखते समय समय का ध्यान रखें, ताकि परीक्षा में कोई सवाल छूट न जाए।
अगर किसी छात्र को अपनी डेटशीट या विषय को लेकर कोई दिक्कत है, तो वह सीधे अपने क्लास टीचर या स्कूल प्रशासन से बात कर सकता है। स्कूल से मिली जानकारी के आधार पर ही परीक्षा की तैयारी और आने-जाने का समय तय करें।
छात्रों के लिए जरूरी सूचना: बिहार बोर्ड सेंटअप परीक्षा 2027 के कार्यक्रम और अन्य अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com देखें। परीक्षा की तारीख, विषय और शिफ्ट की पुष्टि अपने स्कूल या कॉलेज से जरूर कर लें।









