Assam Rifles Recruitment 2026: असम राइफल्स में टेक्निकल और ट्रेड्समैन के 354 पदों पर आवेदन फिर से शुरू हो गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 14 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को भी नया फॉर्म जमा करना होगा।
नई दिल्ली: सेना और अर्धसैनिक बलों में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए असम राइफल्स में भर्ती निकली है। विभाग ने टेक्निकल और ट्रेड्समैन के 354 पदों के लिए 15 नवंबर 2026 से आवेदन लेने शुरू कर दिए हैं। इस भर्ती में 10वीं और 12वीं पास युवाओं के अलावा आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएशन कर चुके उम्मीदवार भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 14 दिसंबर रखी गई है। इस बार उन उम्मीदवारों को भी दोबारा आवेदन करना पड़ेगा, जिन्होंने पहले निकली भर्ती में फॉर्म भरा था।
पुराना विज्ञापन रद्द, अब 354 पदों के लिए होगी भर्ती
असम राइफल्स ने पहले जारी किए गए भर्ती विज्ञापन को रद्द कर नया नोटिफिकेशन निकाला है। ऐसे में जिन युवाओं ने पुराने विज्ञापन के आधार पर आवेदन किया था, उनका फॉर्म इस भर्ती के लिए मान्य नहीं होगा। उन्हें नए सिरे से आवेदन करना पड़ेगा।
![]()
भर्ती में राइफलमैन, हवलदार और वारंट ऑफिसर के अलग-अलग पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा 124 पद वारंट ऑफिसर साइफर के लिए रखे गए हैं। इसके बाद राइफलमैन इलेक्ट्रिकल फिटर सिग्नल के 32 और आर्मरर के 29 पद हैं। राइफलमैन मेसन के भी 29 पद भरे जाएंगे।
इसके अलावा लाइनमैन फील्ड के 21, इंजीनियर इक्विपमेंट मैकेनिक के 10, रिकवरी व्हीकल मैकेनिक के 13 और इलेक्ट्रिशियन मोटर व्हीकल के 22 पदों पर भर्ती होगी। राइफलमैन मेटलस्मिथ के 19, स्टोर कीपर टेक्निकल के 16 और व्हीकल मैकेनिक के 23 पद भी खाली हैं।
हवलदार इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 6, अपहोल्स्टर के 3, वेल्डर के 2, वारंट ऑफिसर ड्राफ्ट्समैन के 2, फिजियोथेरेपिस्ट के 2 और ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन का एक पद भी इस भर्ती में रखा गया है।
कौन भर सकता है फॉर्म, कितनी होनी चाहिए उम्र?
असम राइफल्स में निकली इस भर्ती के लिए हर पद की योग्यता एक जैसी नहीं है। कुछ पदों के लिए 10वीं और 12वीं पास युवाओं को मौका दिया गया है। वहीं, तकनीकी पदों पर आवेदन करने वालों के पास संबंधित ट्रेड का आईटीआई सर्टिफिकेट या डिप्लोमा होना चाहिए। कुछ पद ऐसे भी हैं, जिनके लिए ग्रेजुएशन या उस काम से जुड़ी प्रोफेशनल डिग्री मांगी गई है।
उम्र की बात करें तो आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु कम से कम 18 साल होनी चाहिए। पद के हिसाब से अधिकतम उम्र 23 से 25 साल के बीच तय की गई है। उम्र की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर होगी। एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य पात्र आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के मुताबिक अधिकतम उम्र में छूट दी जाएगी।
इस भर्ती में भारतीय पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, फॉर्म भरने से पहले संबंधित पद के लिए तय लंबाई, शारीरिक मापदंड और दूसरी जरूरी शर्तें पढ़ना भी जरूरी है। ऐसा न हो कि पढ़ाई की योग्यता पूरी होने के बावजूद उम्मीदवार शारीरिक मानकों में पीछे रह जाए।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये है। वहीं, एससी, एसटी और पात्र पूर्व सैनिकों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Assam Rifles Recruitment 2026: घर बैठे ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म
असम राइफल्स की भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए सबसे पहले विभाग की वेबसाइट assamrifles.gov.in खोलें। वेबसाइट पर भर्ती से जुड़ा लिंक मिलेगा, जहां से आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
फॉर्म खुलने पर अपना नाम, जन्मतिथि, पता और मांगी गई दूसरी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद जिस पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उसे चुनें। पद का चुनाव करते समय अपनी पढ़ाई और तकनीकी योग्यता का ध्यान रखें, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो।
आगे उम्मीदवारों को जरूरी प्रमाणपत्र और दस्तावेज अपलोड करने होंगे। जिन अभ्यर्थियों पर आवेदन शुल्क लागू होता है, उन्हें निर्धारित 100 रुपये का भुगतान करना होगा। भुगतान के बाद आवेदन जमा करने की प्रक्रिया पूरी करें।
फॉर्म सबमिट करने की जल्दी न करें। नाम और जन्मतिथि जैसी जानकारी वही भरें, जो आपके दसवीं के प्रमाणपत्र और दूसरे दस्तावेजों में दर्ज है। अगर फॉर्म में कोई गलती रह गई तो आगे दस्तावेजों की जांच के समय परेशानी हो सकती है। आवेदन जमा करने के बाद उसकी एक कॉपी अपने पास सुरक्षित रख लें।
ध्यान रहे, इस भर्ती में ऑफलाइन आवेदन की सुविधा नहीं दी गई है। उम्मीदवारों को विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ही फॉर्म भरना होगा।









