राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 2027 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का कार्यक्रम बदल दिया है। राज्य में जनगणना से जुड़े काम के कारण फरवरी में परीक्षाएं नहीं होंगी। नई डेटशीट जारी होना बाकी है।
जयपुर: राजस्थान बोर्ड से 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले लाखों विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर ने फरवरी 2027 में प्रस्तावित परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। Rajasthan Board Exam 2027 का नया कार्यक्रम फिलहाल जारी नहीं हुआ है। जनगणना के दौरान शिक्षकों की ड्यूटी लगने के कारण परीक्षा कार्यक्रम बदलना पड़ा है। विद्यार्थियों को अब संशोधित तारीखों का इंतजार है।पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार राजस्थान बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होने वाली थीं। बोर्ड ने 14 नवंबर को जानकारी दी कि फरवरी में परीक्षाएं नहीं कराई जाएंगी। मार्च में परीक्षा आयोजित होने की संभावना है, लेकिन इसकी आधिकारिक तारीखें तय होना बाकी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को पुरानी डेटशीट के आधार पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की योजना नहीं बनानी चाहिए। बोर्ड की नई सूचना आने के बाद ही विषयवार तारीख और समय स्पष्ट होगा।
जनगणना के कारण क्यों बदलना पड़ा परीक्षा कार्यक्रम?
राजस्थान में फरवरी के दौरान जनगणना का काम होना है। इसमें सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जा सकती है। दूसरी तरफ बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए भी बड़ी संख्या में शिक्षकों की जरूरत पड़ती है। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखने से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं और दूसरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी शिक्षकों के पास रहती है। ऐसे में दोनों काम एक साथ होने पर दिक्कत आ सकती है। इसी वजह से राजस्थान बोर्ड ने फरवरी में प्रस्तावित परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
![]()
साल 2026 में राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चली थीं। वहीं, 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की गई थीं। इस बार परीक्षा की तारीखें बदलने से छात्रों को पढ़ाई के लिए कुछ और समय मिल सकता है। हालांकि, नई डेटशीट आने के बाद ही यह साफ होगा कि किस विषय की परीक्षा कब होगी।
10वीं के छात्रों को मिलेगा दो बार बोर्ड परीक्षा देने का मौका
राजस्थान बोर्ड ने इस बार 10वीं के छात्रों के लिए परीक्षा व्यवस्था में एक और बदलाव किया है। सत्र 2026-27 से दसवीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार कराने का फैसला लिया गया है। पहली परीक्षा मुख्य परीक्षा के रूप में होगी, जिसे मार्च में कराने की योजना है। इसके बाद मई में दूसरी परीक्षा रखी जाएगी।
दूसरी परीक्षा उन छात्रों के लिए उपयोगी होगी, जो अपने पहले प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं और अंक सुधारना चाहते हैं। अब तक राजस्थान बोर्ड में सप्लीमेंट्री परीक्षा की व्यवस्था थी, लेकिन नई प्रणाली में उसकी जगह सुधारात्मक परीक्षा को शामिल किया गया है।
इस बदलाव से छात्रों को एक ही शैक्षणिक सत्र में दो अवसर मिल सकेंगे। हालांकि, दूसरी परीक्षा में कौन शामिल हो सकेगा और अंतिम परिणाम किस आधार पर तैयार होगा, इसकी पूरी जानकारी बोर्ड के नियमों से ही स्पष्ट होगी। मुख्य परीक्षा की तारीख बदलने के बाद मई में होने वाली परीक्षा के कार्यक्रम पर भी छात्रों की नजर रहेगी।
10वीं और 12वीं के मॉडल पेपर जारी, घर बैठे कर सकते हैं डाउनलोड
परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राजस्थान बोर्ड ने मॉडल पेपर भी उपलब्ध करा दिए हैं। इनमें 10वीं और 12वीं के अलग-अलग विषयों के प्रश्नपत्र शामिल हैं। छात्र इन्हें देखकर समझ सकते हैं कि बोर्ड परीक्षा में किस तरह के सवाल पूछे जा सकते हैं और प्रश्नपत्र में अंकों का बंटवारा किस तरह रहेगा।
मॉडल पेपर से अभ्यास करने का फायदा यह है कि छात्रों को अपनी तैयारी का अंदाजा हो जाता है। कई बार पढ़ाई पूरी होने के बावजूद प्रश्नपत्र हल करते समय समय कम पड़ जाता है। ऐसे में मॉडल पेपर हल करने से लिखने की रफ्तार बढ़ाने और तय समय में सभी सवाल पूरे करने का अभ्यास किया जा सकता है।
मॉडल पेपर लेने के लिए छात्रों को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाना होगा। वेबसाइट पर मॉडल प्रश्नपत्रों से संबंधित सेक्शन में अपनी कक्षा और विषय चुनकर उपलब्ध PDF डाउनलोड की जा सकती है।
फिलहाल छात्रों के लिए सबसे जरूरी बात नई परीक्षा तारीखों की जानकारी रखना है। बोर्ड की ओर से संशोधित टाइम टेबल जारी होने तक स्कूल से संपर्क बनाए रखें। परीक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसे बोर्ड की वेबसाइट पर जरूर जांच लें।










